Digital Marketing trends: आज के डिजिटल दौर में कंपनियां अपने प्रोडक्ट और सेवाओं के ऑनलाइन प्रचार पर लगातार फोकस कर रही हैं। लेकिन अब सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि किसी कैंपेन को कितने व्यूज, लाइक्स या रीच मिली। कंपनियां यह भी जानना चाहती हैं कि विज्ञापन पर खर्च किए गए पैसे से कितने ग्राहक जुड़े और बिजनेस को कितना वास्तविक फायदा हुआ। इसी बदलाव के साथ डिजिटल मार्केटिंग और मार्केटिंग एनालिटिक्स के बीच की दूरी कम हो रही है।
मार्केटिंग एक्सपर्ट और वायरल पिच के फाउंडर सुमित गुप्ता के मुताबिक, भारत में विज्ञापन खर्च का 50-60 फीसदी हिस्सा डिजिटल एडवरटाइजिंग का है और इसमें हर साल बढ़ोतरी हो रही है। उनके अनुसार, कैंपेन को समझना आसान हो रहा है, लेकिन कंज्यूमर जर्नी पहले से ज्यादा जटिल हो गई है। ऐसे में मार्केटर्स के लिए डेटा और मार्केटिंग, दोनों की समझ जरूरी होती जा रही है।
Digital Marketing का फोकस कैसे बदला?
शुरुआत में डिजिटल मार्केटिंग का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाना था। किसी कैंपेन की सफलता को व्यूज, लाइक्स, फॉलोअर्स और रीच जैसे आंकड़ों से देखा जाता था। अब कंपनियों का फोकस इससे आगे बढ़ गया है। वे जानना चाहती हैं कि कैंपेन से कितने नए ग्राहक जुड़े, कितने ग्राहक बने रहे और मार्केटिंग गतिविधियों का बिजनेस पर क्या असर पड़ा। इस बदलाव ने डिजिटल मार्केटर्स की भूमिका भी बदल दी है। अब केवल लोगों का ध्यान खींचना पर्याप्त नहीं है। यह समझना भी जरूरी है कि विज्ञापन देखने के बाद ग्राहक ने क्या किया और उसका असर खरीदारी पर कैसे पड़ा।
Digital Marketing में किन क्षेत्रों में अवसर?
डिजिटल मार्केटिंग में सोशल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन यानी SEO, परफॉर्मेंस मार्केटिंग और डिजिटल स्ट्रैटेजी जैसे क्षेत्रों में अवसर बने हुए हैं। खास तौर पर इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग ब्रांड्स की रणनीति का अहम हिस्सा बनती जा रही है। सोशल मीडिया और ऑनलाइन वीडियो पर कंपनियों का निवेश भी डिजिटल विज्ञापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हालांकि, अब सिर्फ अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म चलाना या कैंपेन तैयार करना पर्याप्त नहीं माना जा रहा। मार्केटर्स को यह समझना होगा कि ग्राहक किसी प्रोडक्ट की ओर क्यों आकर्षित होता है और किस तरह का कंटेंट उसे ग्राहक में बदलने में सफल रहता है।
Marketing Analytics क्यों जरूरी हो रहा है?
कंपनियों के पास ग्राहकों और मार्केटिंग कैंपेन से जुड़ा बड़ा डेटा मौजूद है। CRM सिस्टम, विज्ञापन प्लेटफॉर्म और वेबसाइट ट्रैफिक से लगातार नई जानकारी मिलती रहती है। लेकिन केवल डेटा इकट्ठा करना पर्याप्त नहीं है। असली महत्व इस बात का है कि उस डेटा का इस्तेमाल सही फैसले लेने में कैसे किया जाए। मार्केटिंग एनालिटिक्स इसी काम में मदद करता है। इसके जरिए कंपनियां यह समझ सकती हैं कि ग्राहक किस चरण पर खरीदारी का फैसला बदल रहे हैं। कौन-सा कैंपेन बेहतर संभावनाओं वाले ग्राहक ला रहा है और विज्ञापन का बजट कहां खर्च करना ज्यादा उपयोगी होगा।
क्यों बढ़ रही Hybrid Marketer की जरूरत?
डिजिटल मार्केटिंग की बदलती जरूरतों के बीच Hybrid Marketer का कॉन्सेप्ट महत्वपूर्ण हो रहा है। ऐसे प्रोफेशनल्स के पास क्रिएटिव सोच के साथ डेटा को समझने और उसका विश्लेषण करने की क्षमता होती है। वे कैंपेन तैयार करने के साथ यह भी देख सकते हैं कि आंकड़ों के आधार पर रणनीति कितनी सफल रही। इससे क्रिएटिव आइडिया और डेटा से मिलने वाली जानकारी के बीच बेहतर कनेक्शन बनाया जा सकता है। डिजिटल मार्केटिंग में काम करने के लिए एनालिसिस करने की क्षमता के साथ मार्केटिंग की समझ भी जरूरी है। केवल आंकड़ों पर काम करने वाला व्यक्ति हमेशा ग्राहकों की पसंद और उनके व्यवहार के पीछे की वजह नहीं समझ पाता। वहीं पारंपरिक मार्केटर के लिए विज्ञापन की पहुंच को सीधे बिजनेस के मुनाफे से जोड़ना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
Hybrid Marketer के लिए जरूरी 5 स्किल्स
- Creative Thinking: ग्राहकों की जरूरत और पसंद को ध्यान में रखकर प्रभावशाली मार्केटिंग कैंपेन तैयार करना।
- Data Analysis: विज्ञापन और ग्राहकों से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन करके उपयोगी निष्कर्ष निकालना।
- Customer Behaviour: यह समझना कि ग्राहक किसी ब्रांड या प्रोडक्ट पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं।
- Strategy Making: डेटा के आधार पर मार्केटिंग अभियानों में जरूरी बदलाव करना।
- Business Result Focus: कैंपेन की सफलता को सिर्फ व्यूज और रीच से नहीं, बल्कि वास्तविक बिजनेस रिजल्ट से जोड़ना।
AI आने से कैसे बदल रहा है मार्केटिंग का काम?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI भी मार्केटिंग इंडस्ट्री में काम करने के तरीकों को बदल रहा है। रिपोर्ट तैयार करने, कंटेंट के अलग-अलग वर्जन बनाने और भविष्य के ट्रेंड का अनुमान लगाने जैसे कई काम AI टूल्स की मदद से किए जा सकते हैं। इस बदलाव से मार्केटिंग प्रोफेशनल्स के सामने नई संभावनाएं और चुनौतियां दोनों आई हैं। ऐसे में मार्केटिंग की समझ, क्रिएटिविटी और डेटा एनालिसिस को साथ लेकर चलने वाले प्रोफेशनल्स की भूमिका महत्वपूर्ण हो रही है।



