प्रधानमंत्री
कांग्रेस नेता बिट्टू के लोकसभा में इस सवाल के बाद जब सदन में पहुंच गए प्रधानमंत्री

टीआरपी डेस्क। लोकसभा में कांग्रेस नेता रवनीत सिंह बिट्टू की उस वक्त किरकिरी हो गई, जब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरने की कोशिश की। उन्होंने सदन में आरोप लगाया कि पीएम बंगाल की रैलियों में व्यस्त हैं और सदन में नहीं आ रहे हैं। उन्हें कहां ढूंढें, क्या बंगाल जाएं? उनका यह कहना हुआ ही था कि कुछ देर में प्रधानमंत्री सदन में पहुंच गए। 

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर घेरा

संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के लिए कांग्रेस ने बिट्टू को नेता बनाया है। गुरुवार को  बिट्टू ने सदन में प्रश्नकाल समाप्त होते ही कहा कि पूरा बजट सत्र हो गया लेकिन प्रधानमंत्री कहां हैं? उनसे  मिलना हो तो क्या पश्चिम बंगाल की रैली में जाकर मिलें। बिट्टू ने यह भी कहा कि इस सत्र में सदन ने अनेक विधेयक पारित किए लेकिन पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सरकार ने कुछ नहीं कहा। 

मेघवाल बोले-आरोप गलत, पीएम सदन में आए थे

इस पर संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विपक्ष का आरोप गलत है और प्रधानमंत्री इस सदन में आए थे। इस मुद्दे पर कांग्रेस सदस्यों और सरकार के कुछ मंत्रियों के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके बाद कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में पहुंचे और इस दौरान भाजपा सदस्यों ने जय श्री राम और भारत माता की जय के नारे लगाए।

राहुल भी पहुंचे सदन में

इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सदन में पहुंचे। पीठासीन सभापति भर्तृहरि महताब ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और इसके बाद मौजूदा सत्र में लोकसभा में हुए कामकाज की जानकारी देकर बैठक को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। 

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।