टीआरपी डेस्क। लद्दाख में चीन के साथ सटी भारतीय सीमा पर तनाव जारी है। दोनों पक्षों ने सीमा पर जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। इसी बीच सीमा विवाद पर चीन की तरफ से बयान सामने आया है।

चीन ने कहा है कि भारतीय सीमा पर हालात कुल मिलाकर स्थिर और नियंत्रण में हैं। साथ ही दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं।

 सीमा से संबंधित मुद्दों पर चीन का रुख स्पष्ट और सुसंगत


वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत और चीन की सेनाओं के बीच चल रहे गतिरोध की पृष्ठभूमि में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ये टिप्पणियां कीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाउ लिजिआन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीमा से संबंधित मुद्दों पर चीन का रुख स्पष्ट और सुसंगत है।

उन्होंने कहा कि हम दोनों नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति और दोनों देशों के बीच हुए समझौते का सख्ती से पालन करते रहे हैं।

See also  Raipur Breaking, IT Investigation Continues For Second Day- 21 ठिकानों में से सिर्फ 1 जगह जांच पूरी

वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो अनौपचारिक बैठकों के बाद उनके उन निर्देशों का जिक्र कर रहे थे जिनमें उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं को परस्पर विश्वास पैदा करने और कदम उठाने के लिए कहा था।

चीन ने बढ़ाई सैनिकों की तैनाती

बता दें कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बातचीत के जरिए तनाव को कम करने की कोशिशों के बावजूद पैंगोंग त्सो और गलवां घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तनाव कम होने के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।

दोनों पक्ष विवाद को सुलझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। दोनों ओर की सेनाएं पैंगोंग त्सो, गलवां घाटी और डेमचोक के विवादित क्षेत्रों में अपने बलों की संख्या बढ़ा रही है।

चीनी पक्ष ने विशेष रूप से गलवां घाटी में अपनी उपस्थिति को मजबूत किया है। पिछले दो हफ्तों में चीनी सेना यहां करीब 100 तंबू गाड़ चुकी है और बंकरों के निर्माण के लिए भारी उपकरण लाए हैं। भारतीय पक्ष ने पिछले सप्ताह दोनों सेनाओं के स्थानीय कमांडरों के बीच बैठकों के दौरान इस मुद्दे पर कड़ी आपत्ति जताई थी। 

See also  सीजी न्‍यूज: CRPF के कमांडेंट की हार्ट अटैक से मौत, रायपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम


रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।