बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
TRP News

CG News: आधी रात को गर्ल्स हॉस्टल में घुसे तीन जंगली हाथी, 58 छात्राओं को किया गया रेस्क्यू

CG News: आधी रात को गर्ल्स हॉस्टल में घुसे तीन जंगली हाथी, 58 छात्राओं को किया गया रेस्क्यू
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

CG News: मरवाही/पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही में देर रात तीन जंगली हाथियों के कन्या छात्रावास परिसर में घुस आने से हड़कंप मच गया। हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब पांच जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा।

हाथियों के परिसर में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई और छात्रावास में रह रही 58 छात्राओं को एहतियातन रात करीब 12 बजे दूसरे सुरक्षित छात्रावास में शिफ्ट कर दिया गया।

समय रहते सभी छात्राओं को सुरक्षित निकाला

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने तत्काल छात्रावास खाली कराने की कार्रवाई की। सभी 58 छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी छात्रा या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। वन विभाग की टीम ने रातभर स्थिति पर नजर बनाए रखी। छात्रावास की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पांच जगह से तोड़ी बाउंड्रीवाल

बताया जा रहा है कि हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब पांच स्थानों पर तोड़ दिया। इससे पहले भी हाथियों द्वारा इस परिसर की दीवार को नुकसान पहुंचाया जा चुका है। बार-बार हाथियों के छात्रावास तक पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं और कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है।

कटहल की खुशबू खींच लाई हाथियों को

वन विभाग के मुताबिक छात्रावास परिसर में लगे कटहल के पेड़ों पर पके हुए फल मौजूद थे। पके कटहल की तेज खुशबू के कारण हाथी परिसर की ओर आकर्षित हुए। इसके बाद दिन निकलने पर वन विभाग की टीम ने पेड़ों से पके हुए कटहल तोड़कर अलग कर दिए। विभाग का प्रयास है कि हाथियों को आकर्षित करने वाले कारणों को हटाकर उन्हें छात्रावास परिसर से दूर रखा जा सके।

TRP Desk S
लेखक / पत्रकार:

TRP Desk S

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन