बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
TRP News

chhattisgarh-mbbs-counselling: छत्तीसगढ़ में MBBS काउंसलिंग 9 अगस्त से, 2,579 सीटों पर होगा प्रवेश, 17 तक भरना होगा कॉलेजों का विकल्प

chhattisgarh-mbbs-counselling: छत्तीसगढ़ में MBBS काउंसलिंग 9 अगस्त से, 2,579 सीटों पर होगा प्रवेश, 17 तक भरना होगा कॉलेजों का विकल्प
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

chhattisgarh-mbbs-counselling रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू होगी। NEET UG 2026 में क्वालिफाई अभ्यर्थी 16 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। इसके बाद 17 अगस्त तक मेडिकल कॉलेजों की चॉइस फिलिंग करनी होगी। इस साल प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 2,875 सीटें हैं। इनमें से 2,579 सीटों पर राज्य स्तरीय काउंसलिंग के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 20 अगस्त को सीट आवंटन सूची जारी होगी। सीट मिलने वाले अभ्यर्थियों को 21 से 27 अगस्त के बीच संबंधित मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। तय तारीख के बाद आवेदन या चॉइस फिलिंग का अवसर नहीं मिलने की स्थिति में अभ्यर्थी काउंसलिंग के इस चरण से बाहर हो सकते हैं।

296 सीटें ऑल इंडिया और सेंट्रल पूल की

प्रदेश की कुल एमबीबीएस सीटों में 252 सीटें ऑल इंडिया कोटा और 44 सीटें सेंट्रल पूल के लिए निर्धारित हैं। ऑल इंडिया कोटे की काउंसलिंग नई दिल्ली से संचालित होती है, जबकि सेंट्रल पूल की सीटों के लिए केंद्र सरकार पात्र अभ्यर्थियों के नाम भेजती है। ये दोनों श्रेणियां सरकारी मेडिकल कॉलेजों की सीटों से संबंधित हैं।

पहले राउंड के बाद चार और चरण

पहले चरण की काउंसलिंग के बाद यदि मेडिकल कॉलेजों में सीटें खाली रहती हैं तो उन्हें भरने के लिए चार अतिरिक्त राउंड आयोजित किए जाएंगे। हालांकि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में अब तक सीटें खाली रहने की स्थिति नहीं बनी है।

2,875 सीटों में अलग-अलग कोटा

प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 2,875 सीटों में 1,921 स्टेट कोटा, 487 मैनेजमेंट कोटा, 252 ऑल इंडिया कोटा, 171 एनआरआई कोटा और 44 सेंट्रल पूल की सीटें शामिल हैं। इनमें राज्य स्तरीय काउंसलिंग के जरिए 2,579 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तारीखों के भीतर पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी करें। प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी केवल आधिकारिक सूचना और काउंसलिंग प्रक्रिया पर भरोसा करें। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को एजेंटों और दलालों से सावधान रहने की अपील की है।