टीआरपी डेस्क। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के प्रधान महानिदेशक केएस धतवालिया कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। एक न्यूज़ एजेंसी से मिल रही जानकारी के मुताबिक केएस धतवालिया को शाम सात बजे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। ट्रॉमा सेंटर में विशेष रूप से कोविड-19 के मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

हालांकि, उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय मीडिया केंद्र (एनएमसी) को बंद कर दिया गया है, जहां धतवालिया का कार्यालय है और सोमवार को भी यह बंद रहेगा क्योंकि पूरी इमारत को संक्रमणमुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भी एनएमसी बंद रहने की संभानवा है क्योंकि तय नियमों के मुताबिक संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक एनएमसी के पूरी तरह संक्रमणमुक्त होने और इसके दोबारा खुलने तक प्रेस कॉफ्रेंस समेत पीआईबी की सभी गतिविधियां शास्त्री भवन में आयोजित होंगी। धतवालिया ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रकाश जावड़ेकर के साथ मंच साझा किया था, जब उन्होंने मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में मीडिया को जानकारी दी थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।