CP Radhakrishnan AIIMS Raipur visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर, एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
CP Radhakrishnan AIIMS Raipur visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर, एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

CP Radhakrishnan AIIMS Raipur visit: रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार होंगी व्यवस्थाएं

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा।

एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

See also  ग्रामीणों ने बाइक चोरों को सबक सिखाने किया ऐसा सुलूक, रस्सी से बांध कर दी तालिबानी सजा… वीडियो हो रहा वायरल...

सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष फोकस

बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था

दीक्षांत समारोह में बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभागायुक्त श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

See also  सरकारी काम-काज पर बड़ा एक्शन: मुख्य सचिव ने बुलाई हाई-लेवल बैठक, खाली पदों को लेकर दिए ये निर्देश