टीआरपी डेस्क। Eye Surgery Complications : बीजापुर जिला अस्पताल में हुए नेत्र ऑपरेशन के बाद कुछ मरीजों में देखने में समस्या का सामना करना पड़ा। इस मामले ने अब स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त (स्वास्थ्य सेवाएं) सह-संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने देर रात 3 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है।

जांच समिति में शामिल अधिकारी

डॉ. निधि अत्रिवाल- राज्य कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. महेश सांडिया-संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, बस्तर संभाग और डॉ. सरिता थॉमस- नेत्र शल्य चिकित्सक, जिला अस्पताल जगदलपुर की समिति को 3 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह समिति नेत्र शल्य चिकित्सा के दौरान आई जटिलताओं के कारणों की विस्तृत जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय सुझाएगी।

9 मरीज रायपुर रेफर, सभी का उपचार जारी

घटना की जानकारी मिलते ही आयुक्त डॉ. शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 मरीजों को रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराने के निर्देश दिए। सभी मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां और उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए गए हैं।

See also  कोरोना पर प्रधानमंत्री बोले- 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का पालन करें देशवासी

रात 11:45 बजे गठित हुई जांच टीम

डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि उन्हें देर शाम लगभग 8–9 बजे घटना की जानकारी मिली थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने देर रात 11:45 बजे जांच टीम का गठन किया। मरीजों के बेहतर उपचार की व्यवस्था प्राथमिकता पर रखी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की सख्त चेतावनी

Eye Surgery Complications : स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि नेत्र ऑपरेशन जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में जरा सी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में किसी भी मरीज की सुरक्षा या दृष्टि पर जोखिम न आए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।