किसानों का कल भारत बंद, छत्तीसगढ़ कांग्रेस का समर्थन, केंद्रीय कृषि मंत्री बोले- आंदोलन का रास्ता छोड़ें किसान, सरकार बातचीत को तैयार

नई दिल्ली/रायपुर। केंद्र सरकार के तीन कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ 10 महीने से आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में सोमवार को देश सहित छत्तीसगढ़ में बंद की तैयारी है। अब प्रदेश कांग्रेस ने भी इस बंद का समर्थन कर दिया है।

इधर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मैं किसानों से गुजारिश करता हूं कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। सरकार उनकी ओर से बताई गई आपत्ति पर विचार करने के लिए तैयार है। इससे पहले भी कई बार बात हो चुकी है। इसके बाद भी उन्हें लगता है कि कोई बात बची है तो सरकार उस पर जरूर बात करेगी।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया, कांग्रेस ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। बताया जा रहा है,कांग्रेस कार्यकर्ता भी सोमवार को सड़क पर उतरेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 10 घंटे रहेगा बंद

See also  सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से कहा- कोरोना की तीसरी लहर का भी डर, तय करें न हो ऑक्सीजन की कहीं कमी

बता दें कि तीन कृषि कानून को रद्द करने की मांग को लेकर किसान पिछले लगभग दस माह से लगातार आंदोलनरत हैं। किसान संयुक्त मोर्चा ने सोमवार सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक भारत बंद का आह्वान किया हुआ है। जिसकी तैयारियां किसान संगठनों ने पूरी कर ली है।

जानें क्या रहेगा बंद

सभी राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों को 10 घंटे यानी सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक ब्लॉक किया जाएगा। सोमवार सुबह सभी स्टेट, नेशनल हाईवे व अन्य मार्मों पर किसान जाम लगाकर विरोध जताएंगे। इसी प्रकार रेलवे ट्रेकों को भी बाधित किया जाएगा और विरोध जताया जाएगा। किसानों द्वारा किए गए भारत बंद के आह्वान पर सोमवार को व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। बाजार शाम चार बजे तक बंद रहेगा।

जबकि अनाज मंडियां शाम तक बंद रखी जाएंगी। इसी प्रकार ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी बंद रहेगी। सरकार के सभी दफ्तर और संस्थाएं भी बंद रहेंगे। मार्केट, दुकान, मॉल, उद्योग भी बंद रहेंगे। स्कूल, कालेज, यूनिवर्सिटी और अन्य शिक्षण संस्थानों को भी बंद करवाया जा सकता है। किसान कोई भी सरकारी या गैर सरकारी सार्वजनिक कार्यक्रम भी नहीं करने देंगे।

See also  देश भर के विद्युत गृहों में छत्तीसगढ़ के विद्युतगृह टॉप पर, सीएम भूपेश बघेल ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ में 28 सितम्बर को किसान महापंचायत

छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ 28 सितम्बर को किसान महापंचायत की तैयारियों में जुटी है। यह महापंचायत राजिम की कृषि उपज मंडी परिसर में होना है। इसमें किसान आंदोलन के प्रमुख चेहरे राकेश टिकैत, डॉ. दर्शन पाल सिंह, योगेंद्र यादव, मेधा पाटेकर, डॉ. सुनीलम जैसे नेता शामिल होने वाले हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।