बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा डौंडी क्षेत्र के कंगला मांझी कॉलेज के पास हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को रविवार देर रात कंगला मांझी कॉलेज के पास हादसे की सूचना मिली थी। वहां दो युवकों के शव पड़े हुए थे। जबकि कुछ दूरी पर उनकी बाइक पड़ी हुई थी। इनमें एक की पहचान डौंडी निवासी पप्पू शान्डिय (40) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त होना बाकी है। दोनों बाइक सवार दल्लीराजहरा से डौंडी की ओर आ रहे थे।

पुलिस को अज्ञात वाहन के टुकड़े मिले

आशंका जताई जा रही है कि कॉलेज के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इसके चलते दोनों सड़क पर उछलकर गिर पड़े और सिर पर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस को मौके पर किसी वाहन के कुछ टुकड़े मिले हैं। संभावना जताई जा रही है कि ये टक्कर मारने वाले वाहन के हो सकते हैं। फिलहाल, पुलिस उस वाहन का पता लगा रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।