टीआरपी डेस्क। बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को एक साथ 95 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए और दूल्हे की मौत हो गई है। पूरा मामला पटना से तकरीबन 50 किलोमीटर दूर पालीगंज इलाके का है। जहां पर 15 जून को एक शादी में शामिल 95 मेहमान कोरोना संक्रमित हो गए। इनमें से 80 लोगों की कोरोना रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई।

जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय दूल्हा गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का काम करता था और शादी करने के लिए 12 मई को पटना अपने गांव डीहपाली आया था। इसी दौरान उसके अंदर कोविड-19 के लक्षण पाए गए मगर परिवार वालों ने जांच कराने के बजाए उसकी शादी करवा दी।

शादी के 2 दिन बाद ही उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई और पटना एम्स ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इस पूरे मामले की भनक जब जिला प्रशासन को लगी तो शादी में शरीक हुए सभी मेहमानों की कोरोना जांच कराई गई। जांच के बाद 15 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए और अन्य 80 लोगों का रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आया।

हालांकि, कोविड-19 जांच में दुल्हन संक्रमित नहीं मिली और उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रशासन ने बताया है कि इस पूरे मामले में कोविड-19 के बचाव के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। प्रशासन ने किसी भी विवाह समारोह में केवल 50 लोगों के शिरकत करने की इजाजत दे दी हुई है मगर इस शादी गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए थे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।