गुरुवार, 5 नवंबर 2026 गुर, 5 नवं |
संस्करण:
TRP News

मोदी-ट्रम्प का साझा बयान : अमेरिका से भारत को 21 हजार करोड़ के सैन्य उपकरण मिलेंगे, पाकिस्तान पर आतंकवाद खत्म करने के लिए दबाव बनाएंगे

TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हैदराबाद हाउस में मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान भी जारी किया। मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच 3 साल में व्यापार में डबल डिजिट में बढ़ोतरी हुई है। बाइलेटरल ट्रेड के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई।

हम एक बड़ी ट्रेड डील पर भी सहमत हुए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। साझा बयान में ट्रम्प ने कहा कि मोदी के साथ बातचीत में 21.5 हजार करोड़ रुपए के रक्षा सौदे को सहमति दी है। दोनों देश आतंकवाद को खत्म करने के लिए काम करेंगे और पाकिस्तान पर दबाव बनाएंगे।

हैदराबाद हाउस में वार्ता के लिए ट्रम्प के साथ 12 अफसरों का प्रतिनिधिमंडल आया है।

ट्रम्प ने कहा कि बीते 2 दिन शानदार रहे। खासकर कल मोटेरा स्टेडियम में। यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। वहां सवा लाख लोग थे। वे आपको बहुत प्यार करते हैं। मैंने जब भी मोदी का नाम लिया तो वे खुशी से चिल्लाने लगे। भारतीयों की मेहमाननवाजी याद रहेगी। मोदी यहां बेहतरीन काम कर रहे हैं। गांधीजी के आश्रम में हमें खास अनुभूति हुई। आज राष्ट्रपति कोविंद हमें एक भोज दे रहे हैं।

मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प और उनके प्रतिनिधिमंडल का मैं स्वागत करता हूं। मैं जानता हूं कि इन दिनों ट्रम्प काफी व्यस्त हैं। आप भारत आए, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक बड़ी ट्रेड डील शुरू करने पर भी सहमत हुए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम निकलेंगे।

हम दोनों देश विश्व में कनेक्टिविटी इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास में सहमत हैं। यह एक-दूसरे के नहीं, बल्कि दुनिया के हित में है।’’ वहीं ट्रम्प ने कहा, ‘‘जब से मैंने कारोबार संभाला, तब से अमेरिका का निर्यात बढ़ा है, इसके लिए मोदी का शुक्रिया। मेरे कार्यकाल में भारत के साथ 60% व्यापार बढ़ा है।

अमेरिका भारत के साथ काम करते हुए बहुत अच्छा महसूस कर रहा है। नशीली दवा के कारोबार को रोकने के लिए हमने समझौता किया है। दबाव की राजनीति न हो, इसका प्रयास होना चाहिए।

अमेरिका-भारत के संबंध दो सरकारों के बीच नहीं, पीपुल सेंट्रिक है : मोदी

मोदी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनके डेलिगेशन का स्वागत करता हूं। खुशी है कि वे अपने परिवार के साथ आए। बीते 8 महीनों में उनके साथ यह पांचवीं मुलाकात है। कल मोटेरा स्टेडियम में ट्रम्प का भव्य स्वागत याद रखा जाएगा।

अमेरिका और भारत के संबंध सिर्फ दो सरकारों के बीच नहीं, पीपुल सेंट्रिक है। यह 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण स्थिति में हैं। संबंधों के इस मुकाम तक लाने में ट्रम्प का अमूल्य योगदान रहा है। आज चर्चा में हमने पार्टनरशिप के बारे में सकारात्मक विचार किया।

रक्षा, तकनीक, ग्लोबल कनेक्टिविटी, ट्रेड या पीपुल टू पीपुल टाईअप। पिछले कुछ सालों में हमारी सेनाओं के बीच युद्धाभ्यास में इजाफा हुआ है। आज होमलैंड में हुए समझौते से इसे बल मिलेगा। हमने आज आतंकवाद के खिलाफ प्रयासों को और बढ़ाने का भी फैसला किया है।

हमने ड्रग्स और नार्कोटिक्स रोकने के लिए भी बात की है। तेल और गैस के लिए भारत के लिए अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है। फ्यूल हो या न्यूक्लियर एनर्जी, हमें नई ऊर्जा मिल रही है।

मोदी और ट्रम्प के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में भारत-अमेरिका के बीच हुए 6 करार में 21 हजार करोड़ रुपए के रक्षा सौदे सबसे अहम हैं। अहमदाबाद के ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद इसका ऐलान किया था। इसके अलावा भारत-अमेरिका के बीच परमाणु रिएक्टर से जुड़ा करार भी अहम है। इसके तहत अमेरिका भारत को 6 रिएक्टर सप्लाई करेगा।

एमएच-60 रोमियो मल्टीरोल हेलिकॉप्टर्स (सी-हॉक) खरीदने का करार सबसे खास

अमेरिका से सी-हॉक हेलिकॉप्टटर्स खरीदने की चर्चा लंबे समय से जारी थी। 21 हजार करोड़ के रक्षा सौदों में से इस पर करीब 18,626 करोड़ रुपए खर्च हो सकते हैं। नौसेना को 24 सी-हॉक हेलिकाप्टरों की जरूरत है। ये हेलिकॉप्टर्स हर मौसम में और दिन के किसी भी वक्त हमला करने में सक्षम हैं।

चौथी जेनरेशन का यह हेलिकॉप्टर छिपी हुई पनडुब्बियों को निशाना बना सकता है। इस सौदे के अलावा भारत अमेरिका से 800 मिलियन डॉलर के 6 एएच-64ई अपाचे हेलिकॉप्टर्स भी खरीद सकता है। इसके साथ ही भारत को अमेरिका मिसाइल डिफेंस शील्ड भी बेचने की कोशिश कर रहा है, ताकि वह रूस की एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भारत में आने से रोक सके।

Chhattisgarh से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें 

Facebook पर Like करें, Twitter पर Follow करें  और Youtube  पर हमें subscribe करें।

The Rural Press ब्यूरो
लेखक / पत्रकार:

The Rural Press ब्यूरो

सम्पादकीय डेस्क (The Rural Press Editorial Team)

The Rural Press की विशेष सम्पादकीय एवं ग्रामीण खोजी पत्रकारिता टीम। जमीनी मुद्दों, कृषि संकट और निष्पक्ष जनसरोकार की विश्वसनीय रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन