रायपुर: स्टेशन में पार्क गाड़ी में मिली युवक की लाश, मंत्रालय का कर्मचारी था, कोरबा का रहने वाला है मृतक

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन कैंपस में खड़ी कार के अंदर एक युवक की लाश मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने कार के अंदर से युवक की लाश को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक की मौत कैसे हुई यह सभी के लिए पहेली बना हुआ है।

स्टेशन कैंपस के अंदर खड़ी कार के भीतर लाश मिलने की खबर पाकर आसपास के लोग यहां जमा हो गए। भीड़ को हटाकर पुलिस ने गाड़ी की जांच की। लाश का मुआयना करने के बाद इसे जांच के लिए अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम संतोष कंवर (28) था। मूलत: कोरबा का रहने वाला संतोष रायपुर के कबीर नगर में अपने कुछ साथियों के साथ किराए के मकान में रहता था। वह पंचायत विभाग में स्टेनो का काम करता था। संतोष की पोस्टिंग नवा रायपुर के मंत्रालय में थी। जिस कार से लाश बरामद की गई वह संतोष की ही है।

पुलिस ने जांच में पाया कि शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। कार के अंदर लाश ऐसे मिली मानों संतोष की मौत नींद में ही हो गई हो। एक पैर दूसरे पैर पर रखा हुआ है, पीठ सीट पर टिकी है, जैसे आराम करते-करते उसे मौत आ गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि हार्ट अटैक से मौत हुई हो। यह भी पता चला है कि संतोष शराब पीने का आदी था।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।