रामगढ़ (झारखंड)। झारखंड के रामगढ़ में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक कोयला खदान के धंसने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, कोयला खदान में अभी भी 5 लोग फंसे हुए हैं। फंसे हुए लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीसीएल ने यहां कोयला खदान का काम बंद कर दिया था, इसके बावजूद 10 लोग कोयला खदान में काम कर रहे थे।

मामला शुक्रवार रात का है। रामगढ़ के कुजू के महुआ टुंगरी इलाके में अवैध कोयला खदान में काम चल रहा था। इस दौरान बारिश के कारण कोयला खदान भरभराकर धंस गई। धंसने के कारण उसमें काम कर रहे 10 मजदूरों में से 3 की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वकील करमाली, इम्तियाज और निर्मल मुंडा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मशीनें लगाकर मलबा हटाया जा रहा है। मलबा हटाने के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला जाएगा। मलबे को हटाने के लिए कई मशीनें लगाई गई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में सीसीएल की बंद हो चुकी खदान में अवैध रूप से कोयला निकालने का काम किया जा रहा था, इस दौरान खदान भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे लोग अंदर ही फंस गए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।