पहले हम आवेदन देंगे, फिर निवेदन करेंगे और सुधार नही हुआ तो ईंट से ईंट बजाने में भी पीछे नही हटेंगे-भाजपा, 17 अगस्त को सभी 70 वार्ड में कंडील यात्रा निकालेंगे भाजपाई

रायपुर। भाजपा ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ की जनता के साथ सरकार ने विश्वासघात किया है। रायपुर शहर के साथ भी आघात हुआ है। जिस तरह से शहर में आए दिन अवैध शराब और गांजे की खेप जप्त हो रहे हैं उससे यह साफ है कि शहर की कानून व्यवस्था जर्जर हो गई है।

बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने आज प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश में पिछले दिनों बिजली के दामो में बढ़ोत्तरी हुई है। कोरोना काल मे लोगो की नौकरियाँ चली गई है। सरकार ने आम लोगो की कमर तोड़ दी है। रायपुर बिरगांव, माना क्षेत्र में विकास का काम ठप्प हो गया है। कोरोना के बाद अब शहर में डेंगू का आतंक फैलना बताता है कि नगरीय प्रशासन का काम ठप्प हो गया है। संपत्ति कर आधा करने की घोषणा की गई थी जबकि संपत्ति कर दोगुना कर दिया है।

भाजपा विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा के बजट सत्र और मानसून सत्र में विधायकों के प्रश्न के उत्तर में बताया कि 36 में से 14 वादे पूरे किए हैं। मतलब स्वयं सरकार के मुखिया भूपेश बघेल स्वीकार करते हैं कि मार्च 2021 के बजट सत्र के बाद वादे पूरे करने में उन्होंने कोई पहल नहीं की और कांग्रेस सरकार ने जनता से किए वादे पूरे ना कर उनसे विश्वासघात किया है। अब भाजपा ने जनता को साथ लेकर क्रमबद्ध प्रदर्शन की योजना बनाई है। जिसकी शुरुआत 5 अगस्त को बिजली बिल वृद्धि के विरोध में बिजली कंपनी के घेराव के साथ प्रारंभ हो चुकी है।

See also  बागबाहरा सीएचसी का हाल: एम्बुलेंस ड्राइवर ने लगाया टांका..! डॉक्टर की भी रही मौजूदगी

DA भुगतान करने के लिए सरकार ने बढ़ाया जनता पर बोझ 

घर के बजट से सीधे जुड़े विभिन्न वादों में इनका एक मुख्य वादा था कि सरकार बनते ही सबका बिजली बिल आधा कर देंगे। परंतु सरकार बनते ही यहां सिर्फ 400 यूनिट बिजली उपभोग में आधा छूट की घोषणा की। परंतु पूरा छत्तीसगढ़ आज अनाप-शनाप बिलिंग से परेशान है। मुंगेली के दशरंगपुर गांव के एक निराश्रित ग्रामीण ने बिजली बिल से परेशान होकर सरकार से पाकिस्तान जाने की अनुमति मांगी है। वर्तमान में सरकार ने जनता को पिछले दरवाजे से लूटने के बजाय सीधे 8% बिजली बिल में वृद्धि कर दी। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 28% DA देती है। राज्य में केवल बिजली कंपनी के कर्मचारी को 28% डीए की घोषणा हुई है। सरकार उन्हें DA भुगतान करने के लिए दर बढ़ा जनता से पैसे ले रही है।

कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को जनता के सामने लाने व बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर 5 अगस्त बिजली कंपनी घेराव के कार्यक्रम का विस्तार करते हुए 17 अगस्त को सभी 70 वार्ड में कंडील यात्रा निकाली जाएगी। अगले चरण में जिले में स्थित सभी JE कार्यालय का घेराव 06 सितंबर को किया जाएगा।

संपत्ति कर में न्यूनतम 50% हो कमी

घोषणा पत्र का एक मुख्य वादा था। वादे के उलट कांग्रेस ने कचरा कलेक्शन यूजर चार्ज को संपत्ति कर में जोड़कर लेने का निर्णय लिया है इससे प्रत्येक घरों में संपत्ति कर में वृद्धि होगी खासकर इससे व्यापारी वर्ग ज्यादा प्रभावित होंगे। भाजपा शहर जिला संपत्ति कर में न्यूनतम 50% कमी करने की मांग को लेकर 26 अगस्त को निगम के सभी 10 जोन कार्यालय का मंडल स्तर पर घेराव करेगी।

See also  गरमाई राजनीतिः शहर सरकार गिराने BJP लाई अविश्वास प्रस्ताव

प्रतिदिन होनी चाहिए 500 जांच

कोरोनावायरस के समय छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ा। रायपुर मे डेढ़ लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए और 3 हजार से ज्यादा मौतें हुई। परंतु इसके बाद भी स्वास्थ अमला सजग नहीं है। आज राजधानी रायपुर डेंगू के गंभीर चपेट में है। राजधानी के देवपुरी, बीएसयूपी कॉलोनी, अशोक नगर, राम नगर, छोटा रामनगर, गांधी नगर, आदर्श नगर, कालीबाड़ी बस्ती, पारस नगर, पुरानी बस्ती, सहित अनेक क्षेत्र में इस बीमारी ने महामारी का रूप ले रही है। राजधानी में 29 जून को रामनगर में रहने वाली 13 वर्ष की बच्ची और चूड़ामणि वार्ड की भावना पनिका मिलाकर 2 मौतें हो चुकी है। जनता को सहयोग देने के बजाय प्रशासन इन मौतों को छुपाने में लगा है।

बेखौफ हुए अपराधी, पुलिस पर ही करने लगे हैं हमला  

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के राज में कानून व्यवस्था बड़ी समस्या बनकर उभरी है। राजधानी के जयस्तंभ चौक में हत्या हो चुकी है। अपराधी हत्या कर बेखौफ उसका वीडियो बनाकर जारी करते हैं। दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट हो जाती है। विगत दिनों पीड़ित चाकू लगने के बाद गोल बाजार थाने में पहुंचता है फिर भी उसकी जान नहीं बच पाती है, अब तो अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं की पुलिस पर ही हमले करने लगे हैं। अपने जन घोषणापत्र में महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार में महिलाएं सबसे ज्यादा प्रताड़ित है। प्रदेश में ढाई साल में 1 हजार से अधिक सामूहिक बलात्कार सहित 10 हजार से अधिक बलात्कार कि घटना हो चुकी है। अकेले रायपुर में जनवरी 2020 से 04 जुलाई 2021 तक अनाचार और सामूहिक अनाचार के 713 मामले दर्ज किये गए। (जन घोषणा पत्र मे किये वादे के अनुरूप प्रत्येक थानों मे महिला सेल कि स्थापना नहीं हो पाई है। आँकड़े जिले मे 1-12-2018 से 30-06-2021 तक हत्या के 150 मामले समूहिक हत्या के 11, आत्महत्या के 760 साइबर अपराध के 48 मामले दर्ज किये गए।

See also  "मंत्री से मिलिए" : कृषि मंत्री चौबे ने सुनी लोगों की समस्यायें, घंटे भर में 60 आवेदन हो गए जमा

भाजपा के सातों मोर्चा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, भाजपा किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जनता के हित के इन ज्वलनशील मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अगस्त के अंतिम सप्ताह में प्रदर्शन करेगी। साथ ही राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त को भाजपा सभी वार्डों में ध्वजारोहण करेगी। भाई बहन के प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पर भाजपा महिला मोर्चा की बहनें सभी वार्ड में दिव्यांग बुजुर्ग व आम जनों को राखी बांधकर रक्षा पर्व मनाएंगे।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर.

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।