रायपुर। बिहार चुनाव के बाद एक बार फिर कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व सवालों के घेरे में है। इसे लेकर चल रही बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, जब कांग्रेस कमजोर होती है, तो उसकी चर्चा होती है, जब हम जीतते हैं तो उसकी कोई बात नहीं करता। उन्होंने कहा, जो भी लोग नेतृत्व परिवर्तन जैसे विषय उठा रहे हैं, उन्होंने अभिव्यक्ति का गलत मंच चुना है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कुछ लोगों ने कांग्रेस पार्टी को लेकर सार्वजनिक बयान दिए हैं। जो भी लोग व्यवस्था/ ढांचा/ नेतृत्व परिवर्तन जैसे विषय उठा रहे हैं, उन्होंने अभिव्यक्ति का गलत मंच‌ चुना है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, कांग्रेस पार्टी एक ‘विचार’ है और ‘विचार’ का कोई ‘ढांचा’ नहीं होता, ‘नींव’ होती है। कहा, कांग्रेस की यह नींव करोड़ों कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से सिंचित हुई है और होती रहती है।

दिक्कत न नींव में है और न ढांचे में

मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया है, समय की जरूरत है कि हम सभी हमारे कार्यकर्ता साथियों के साथ सड़क पर हाथ में तिरंगा और कांग्रेस का झंडा थामकर खड़े हों। यह साथी कार्यकर्ता हर दिन सड़क पर लाठी और डंडे खाकर, खून-पसीना बहाकर, ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कहा कि तब समझ में आएगा कि दिक्कत न नींव में है और न ढांचे में है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।