टीआरपी डेस्क। यूपी के मुरादाबाद जिले में कोरोना का टीका लगवाने वाले एक वार्ड ब्वॉय की रविवार को अचानक मौत ( Corona Vaccine Death ) हो गई। वार्ड ब्वॉय महिपाल सिंह की उम्र 46 साल थी। डॉक्टरों के मुताबिक हार्ट अटैक के कारण मौत हुई है।

सीएमओ ने बताया कि शनिवार को टीका लगवाने के बाद वह बिल्कुल ठीक थे। वह अपना काम अच्छे से कर रहे थे। हालांकि मृतक के बेटे ने कहा है कि वैक्सीन लगवाने के बाद उनके पिता की तबीयत पहले की तरह सामान्य नहीं थी।

सीने में दर्द और सांस लेने में हो रही थी परेशानी

बताया जा रहा है कि रविवार को सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत हुई तो घरवाले उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिपाल सिंह जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के पद पर थे। उनकी ड्यूटी सर्जिकल वार्ड में थी। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है।

स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग उनके घर पहुंचे। महिपाल के बेटे विशाल की मानें तो शनिवार रात में ही उनके पिता को परेशानी हो रही थी। सुबह उन्हें बुखार भी था।

बेटे ने कहा- टीका लगते ही फूलने लगी सांस

बेटे विशाल ने मीडिया को बताया, ‘सुबह ड्यूटी से आने के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। मुझे किसी काम से जाना था तो मैं चला गया, शाम को फोन आया कि तबीयत ज्यादा खराब है आ जाइए। 108 पर घरवालों ने फोन किया पर वे समय पर नहीं आए। शनिवार को वैक्सीनेशन के बाद ही उनकी सांस फूल रही थी।’

डॉक्टरों ने कहा, साइलेंट अटैक था

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही महिपाल सिंह की मौत हो चुकी थी। परिजनों के कहने पर उनका कई बार चेकअप किया गया, पर कोई फायदा नहीं हुआ। संभव है कि उन्हें साइलेंट अटैक हुआ हो और उन्हें पता न चल पाया हो।

मीडिया से क्या बोले CMO

CMO Moradabad Dr MC Garg ने बताया कि जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के पद पर तैनात महिपाल सिंह की रविवार शाम 6 बजे मृत्यु हो गई। रविवार दोपहर में उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी। शनिवार को दिन में करीब 12 बजे उन्हें वैक्सीन दी गई थी। मृत्यु के कारण की जांच की जा रही है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।