छत्तीसगढ़ में बिना अवरोध के बिजली आपूर्ति व्यवस्था ऐसे होगी मजबूत
file photo

टीआरपी डेस्क

छत्तीसगढ़ में बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा में वृद्धि करने के लिए प्रदेशभर में 88 नवीन विद्युत वितरण केन्द्र और दो उप संभाग सृजित करने के निर्देश सीएम भूपेश बघेल ने दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वनांचल सरगुजा तथा बस्तर संभागों में सबसे अधिक विद्युत वितरण केन्द्र खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में वितरण केन्द्र खुल जाने से बिजली संबंधी रखरखाव में तेजी आएगी साथ ही वनांचल के लोगों को बिजली से संबंधित कार्यों के लिए उनके नजदीक ही विद्युत कार्यालय स्थापित होंगे। उन्होंने छ्त्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों विशेषकर नए जिलों में वितरण केन्द्रों की स्थापना को प्रमुखता देने के भी निर्देश दिए हैं।

इन केन्द्रों के शुरू होने के बाद प्रदेश में कुल 532 विद्युत वितरण केन्द्र एवं 156 विद्युत उप संभाग हो जाएंगे। बस्तर तथा सरगुजा संभागों में सबसे अधिक वितरण केन्द्र खोले जाएँगे। सरगुजा ,रायगढ़ तथा बेमेतरा ज़िले में 6 – 6 वितरण केन्द्र, जशपुर और कोरबा जिलों में 5-5 ,बलरामपुर- रामानुजगंज, कांकेर तथा राजनांदगाँव जिलों में 4-4,मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बस्तर, बालोद, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, महासमुंद तथा गरियाबंद जिलों में 3-3, कोरिया, कोण्डागाँव, नारायणपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी, खैरागढ़-छुइखदान-गंडई तथा रायपुर जिलों में 2-2 तथा बीजापुर, सुकमा, दन्तेवाड़ा, गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही, धमतरी, बलौदाबाजार- भाटापारा तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में 1-1 वितरण केन्द्र तथा सक्ती एवं दुर्ग (अमलेश्वर) में उप संभाग स्थापित किए जाएंगे।

See also  CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में लू का अलर्ट, 2-3 डिग्री बढ़ सकता है तापमान, रायगढ़ सबसे ज्यादा गर्म

प्रदेश में 60 लाख से अधिक घरेलू ,कृषि तथा व्यावसायिक बिजली उपभोक्ता हैं। विद्युत उपभोक्ताओं तक निर्बाध तथा गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए पॉवर कंपनी ने व्यापक अधोसंरचना तैयार की है। प्रदेश में 33/11 केव्ही के एक हजार 333 उपकेन्द्र , 11/ 04 केव्ही के दो लाख पाँच हजार 760 वितरण ट्रांसफार्मर तथा दो लाख 17 हजार 767 किलोमीटर लम्बी निम्नदाब लाइनों के जरिए हर उपभोक्ता को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। वहीं इतनी बड़ी अधोसंरचना के सुचारू संचालन के लिए 08 क्षेत्रीय कार्यालय ,18 वृत्त , 64 विद्युत संभाग , 57 जोन, 154 उपसंभाग तथा 444 वितरण केन्द्र वर्तमान में संचालित हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।