नई दिल्ली। पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर में कुछ लोगों ने 27 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान सतेंद्र के रूप में हुई है, जो शिवाजी विहार की जनता कालोनी का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात (1:30 बजे के आसपास) सतेंद्र और उसके दोस्तों नितिन तथा मनीष का विक्की नाम के व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद विक्की ने अपने साथियों के साथ मिलकर सतेंद्र पर हमला कर दिया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दीपक पुरोहित ने बताया कि सतेंद्र को गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराध के पीछे के मकसद की भी जांच कर रही है।

पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई

विक्की और उसके साथी जब सतेंद्र को पीट रहे थे, तब एक PCR कॉल भी किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़ाई को लेकर एक पीसीआर कॉल भी किया गया था, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई। पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करने वाले ने बताया था कि कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। इसके बाद रात 3.38 बजे अस्पताल ने भी पुलिस को सतेंद्र की मौत की सूचना दी।

See also  अब दाल मिल के मालिक के साथ धोखाधड़ी... 250 क्विंटल दाल लेकर ट्रक ड्राइवर फरार

पहले भी एक वारदात: जब साथी की लाश ठिकाने लगाने स्कूटर लेकर खोजता रहा जगह

कुछ दिन पहले ही दिल्ली में रोहिणी के प्रेम नगर में एक व्यक्ति ने अपने सहकर्मी को महज कुछ पैसों के लिए मौत के घाट उतार दिया था। यही नहीं, हत्या के बाद आरोपी लाश को लेकर स्कूटर पर घूमता रहा था। उसकी तस्वीर CCTV में कैद हो गई थी। आरोपी अपने साथ काम करने वाले की हत्या कर उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए जगह ढूंढ रहा था।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।