कोरोना
दिल्ली और पड़ोसी राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों से सावधान रहने की जरूरत

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य में फिर बढ़ रहे कोरोना-प्रकरणों को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेशवासियों से विशेषकर बस्तर संभाग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री बघेल ने नई दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा है कि नई दिल्ली में लॉकडाउन खुलने के बाद पॉजिटिविटी दर फिर से 0.5 प्रतिशत बढ़ गई है। इसी तरह पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के बस्तर की सीमा से लगे जिलों में भी कोविड संक्रमण में वृद्धि की जानकारी मिल रही है। इससे सबक लेने की जरूरत है।

दूसरी लहर में बहुत से प्रियजनों को खो दिया

छत्तीसगढ़ में इस समय हालात बहुत बेहतर हैं। संक्रमण दर 02 प्रतिशत से भी नीचे है, मृत्युदर भी बहुत कम है। राज्य में नये मरीजों तथा कुल सक्रिय प्रकरणों की संख्या भी बहुत थोड़ी रह गई है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि हमने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बहुत से प्रियजनों को खो दिया है। अपनी अर्थव्यवस्था को बचाए रखने के लिए हमें बहुत संघर्ष करना पड़ा है। राज्य में अब जाकर विकास ने फिर रफ्तार पकड़ी है। हमें हर हाल में छत्तीसगढ़ में कोरोना को दोबारा फैलने से रोकना होगा। कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का सतत रूप से पालन करते रहना जरूरी है।

विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बघेल ने कहा है कि सभी पात्र लोग टीका जरूर लगवाएं, क्योंकि कोरोना से बचने का यही सबसे मजबूत उपाय है। टीके को लेकर किसी भी तरह के अफवाह या भ्रम में पड़ने से बचें। इसके साथ ही कोरोना को लेकर पहले से जारी किए गए दिशा-निर्देशों जैसे मास्क पहनना, दो गज की दूरी और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना न बंद करें।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

 

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।