टीआरपी डेस्क। पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी में ‘हर घर नल योजना’ को रविवार को लॉन्च किया। इस स्कीम को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और सोनभद्र क्षेत्र के 3,000 गांवों के लिए लॉन्च किया गया है। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोनभद्र में थे, जबकि पीएम मोदी ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योजना की लॉन्चिंग की।

इस स्कीम के तहत 5,555.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे और दो जिलों की 41 लाख आबादी को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा। सरकार के मुताबिक इस स्कीम के तहत 2,995 गांवों को पाइपलाइन के जरिए पानी की सप्लाई की जाएगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक 398 गांवों को ही पाइप वाटर सप्लाई के तहत कवर किया गया था। अब जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना को लॉन्च किया गया है और इससे 2,995 गांवों के लोगों को पानी मिल सकेगा। इस स्कीम के तहत मिर्जापुर के 21,87,980 ग्रामीणों को जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा सोनभद्र के 19,53,458 ग्रामीणों को इस स्कीम का लाभ मिलेगा। स्कीम के तहत झीलों और नदी के पानी का शुद्धिकरण किया जाएगा और फिर उसे सोनभद्र में रहने वाले परिवारों तक सप्लाई किया जाएगा। सोनभद्र में इस स्कीम पर 3212 करोड़ रुपये खर्च होने वाले हैं, जबकि मिर्जापुर जिले में इस स्कीम पर 2343 करोड़ रुपये की रकम खर्च की जाएगी। जल शक्ति मंत्रालय के इंजीनियरों के मुताबिक इस स्कीम से दोनों जिलों के 41 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा। अगले दो सालों में इस पर काम पूरा हो जाएगा।

जानें, क्या है स्कीम का मकसद

इस योजना के तहत 2024 तक सरकार देश के ग्रामीण इलाकों में हर एक घर में पीने के पानी का कनेक्‍शन देगी। इसके तहत घरों तक पानी पहुंचाने के लिए इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर तैयार किया जाएगा।

कितना है योजना का बजट

सरकार कह चुकी है कि वह इसमें अपनी पूरी ताकत लगा देगी। इस स्कीम पर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। मोदी सरकार ने बजट 2020-2021 में इस राशि के आवंटन का ऐलान किया था।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।