TMC मंत्री जाकिर हुसैन पर रेलवे स्टेशन पर हुआ बम से हमला, हाथों-पैरों में आई गंभीर चोटें
Image Source- Video By ANI

टीआरपी डेस्क। ममता बनर्जी सरकार में मंत्री जाकिर हुसैन (TMC Minister Jakir Hossain) पर बुधवार देर रात बम से हमला हुआ। हमले में मंत्री समेत 7 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी को कोलकाता के SSKM अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

धमाके में घायल श्रममंत्री जाकिर हुसैन ( TMC Minister Jakir Hossain ) की सर्जरी की जाएगी। उनके पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। बम धमाके की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचने के लिए निकल चुकी है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि मुर्शिदाबाद जिले के निमटीटा रेलवे स्टेशन पर मंत्री जी पर हुए हमले की निंदा करता हूं। इस घटना से चिंतित हूं, लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक- राज्यसरकार में श्रम राज्य मंत्री जाकिर हुसैन मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर कोलकाता जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे कि तभी अज्ञात हमलवारों ने मंत्री पर बम से हमला किया। हमलावर के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मंत्री अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ स्टेशन की ओर जा रहे थे कि तभी पीछे से अचानक धमाका होता है और चिल्लाने की आवाजें आती हैं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में जल्द ही चुनावों की घोषणा हो सकती है। बीजेपी भी चुनावों में पूरा दम लगा रही है। पिछले दिनों बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर भी पथराव की घटना हुई थी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।