स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप (Asia Cup 2025) से ठीक पहले बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल चयनकर्ताओं ने जिन खिलाड़ियों को स्टैंडबाय सूची में रखा है, वे मुख्य टीम के साथ दुबई की यात्रा नहीं करेंगे। टीम प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है कि सिर्फ 15 सदस्यीय दल के साथ टूर्नामेंट खेला जाएगा, जबकि नियमों के तहत 17 खिलाड़ियों की अनुमति है। स्टैंडबाय खिलाड़ियों में यशस्वी जायसवाल, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, रियान पराग और ध्रुव जुरेल के नाम शामिल हैं।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि स्टैंडबाय खिलाड़ियों को न तो नेट गेंदबाज के रूप में ले जाया जाएगा और न ही बैकअप के तौर पर टीम के साथ रखा जाएगा। अधिकारी ने साफ किया कि अगर टूर्नामेंट के दौरान कोई खिलाड़ी चोटिल होता है, तभी रिजर्व खिलाड़ियों को दुबई बुलाया जाएगा। इस फैसले का मकसद टीम का आकार सीमित रखना और लॉजिस्टिक व्यवस्था को सरल बनाए रखना है।

Asia Cup 2025 : टीम के पास पहले से ही ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो किसी भी आपात स्थिति में भूमिका निभा सकते हैं। उदाहरण के तौर पर शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग कर सकते हैं, ऐसे में यशस्वी जायसवाल को तभी बुलाया जाएगा जब इनमें से कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए। इसी तरह, प्रसिद्ध कृष्णा को तेज गेंदबाजी में तभी मौका मिलेगा जब बुमराह, अर्शदीप या हर्षित राणा को चोट लगे।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत की 15 सदस्यीय टीम 4 सितंबर को दुबई में एकत्र होगी और पहला अभ्यास सत्र 5 सितंबर को आईसीसी अकादमी में आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों को उनके अपने शहरों से सीधे दुबई जाने की अनुमति दी गई है, जिससे समय की बचत हो सके।

भारत अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान और 19 सितंबर को ओमान से टक्कर होगी। ग्रुप मैचों के बाद सुपर फोर राउंड शुरू होगा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।