सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
Uncategorized

जशपुर में DAP के नाम पर ठगी का पर्दाफाश: 17.1 टन अवैध उर्वरक जब्त, 342 बोरी सील

जशपुर में DAP के नाम पर ठगी का पर्दाफाश: 17.1 टन अवैध उर्वरक जब्त, 342 बोरी सील
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

जशपुरनगर। किसानों को DAP खाद के नाम पर नकली उर्वरक बेचने के मामले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। फरसाबहार के ग्राम खारीबहार में एक मकान से 342 बोरी यानी करीब 17.1 टन अवैध भूमि शक्ति ऑर्गेनिक ग्रेन्युलर उर्वरक जब्त किया गया है। पूरे स्टॉक को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर छापा

कलेक्टर रोहित व्यास और उप संचालक कृषि एमआर भगत के मार्गदर्शन में पत्थलगांव एवं फरसाबहार की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि उक्त उर्वरक को किसानों के बीच DAP खाद बताकर बेचा जा रहा था, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका थी।

SDM ने मौके पर पहुंचकर किया सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM पत्थलगांव राकेश पैंकरा ने मौके पर पहुंचकर संपूर्ण उर्वरक भंडारण को सील कर दिया। जब्ती प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उप संचालक कृषि, जशपुर को भेजा जा रहा है।

विभाग की अपील: अधिकृत विक्रेता से ही खरीदें

उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और पक्की रसीद जरूर लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें। कार्रवाई में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नन्दे भगत, उर्वरक निरीक्षक देवकांत अजगल्ले, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किशन कुशवाहा और मुकेश सिंह की अहम भूमिका रही।

विज्ञापन