टीआरपी डेस्क। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और लोकप्रिय गायक–अभिनेता प्रशांत तमांग (Prashant Tamang) का हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। 43 वर्ष की उम्र में उन्होंने दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई। फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने उनके निधन की पुष्टि की, वहीं दार्जिलिंग के चर्चित गायक महेश सेवा ने भावुक पोस्ट साझा कर अपने करीबी मित्र को याद किया।

4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग में जन्मे प्रशांत तमांग मूल रूप से नेपाली परिवार से थे और उन्हें प्रशंसक प्यार से “पहाड़ का गौरव” कहते थे। इंडियन आइडल जीतने से पहले वे कोलकाता पुलिस में तैनात थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ कार्यक्रमों में गायन करते थे। सीनियर अधिकारियों की सलाह पर रियलिटी शो में हिस्सा लेना उनके जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। शो जीतने के बाद उन्होंने सोनी बीएमजी के साथ अपना पहला म्यूजिक एल्बम रिलीज किया, जिसमें हिंदी और नेपाली गीत शामिल थे। आगे चलकर उन्होंने नेपाली फिल्मों में बतौर प्लेबैक सिंगर और अभिनेता भी पहचान बनाई।

हाल के वर्षों में प्रशांत दिल्ली में पत्नी गीता थापा के साथ रह रहे थे। संगीत के साथ-साथ अभिनय में भी उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी। हाल ही में अमेजन प्राइम की वेब सीरीज पाताल लोक 2 में उनके निभाए विलेन डेनियल लेचो के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा था।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।