लापरवाही : टारगेट पूरा करने स्वास्थ्य विभाग ने रिकॉर्ड में बच्चे और मृत व्यक्ति को लगा दिया कोरोना वैक्सीन
लापरवाही : टारगेट पूरा करने स्वास्थ्य विभाग ने रिकॉर्ड में बच्चे और मृत व्यक्ति को लगा दिया कोरोना वैक्सीन

नेशनल डेस्क। देशभर में जारी कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के टारगेट को पूरा करने स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिन में डेढ़ लाख लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड बनाने का दावा कर शासन-प्रशासन ने इसका उत्सव मनाया, लेकिन इस दावे की अब पोल खुलनी शुरू हो गई है।

दरअसल भोपाल में 13 साल के बच्चे का भी वैक्सीनेशन कर दिया गया, वह भी कागजों पर। इतना ही नहीं, इस मामले में बच्चे के पिता के मोबाइल पर बकायदा इसका मैसेज भी आया है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला मामला तो यह है कि जिस व्यक्ति की मौत 3 साल पहले हो चुकी है, प्रशासन ने उसका भी वैक्सीनेशन कर दिया। वहीं एक महिला को बिना टीका लगवाए ही वैक्सीन लगने का मैसेज मिल गया। इतना ही नहीं, महिला को मिले प्रमाण-पत्र में पेंशन के दस्तावेज का जिक्र है, जबकि उन्हें पेंशन मिलती ही नहीं।

See also  कोरोना से जंगः मुख्यमंत्री बघेल की संवेदनशील पहल, ‘डोनेशन ऑन व्हील्स अभियान‘ की शुरुआत की

ये है पूरा मामला 

एक पोर्टल के खबर के मुताबिक टीला जमालपुरा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले वेदांत डांगरे दिव्यांग हैं। उनकी उम्र अभी 13 साल भी पूरी नहीं हुई है। पिता रजत डांगरे के मोबाइल फोन पर 21 जून को बेटे वेदांत को कोवैक्सीन लगने का मैसेज आ गया। जब सर्टिफिकेट डाउनलोड किया तो वे हैरान रह गए कि उनके बेटे की उम्र 18 साल भी नहीं है, लेकिन प्रमाणपत्र में आयु 56 साल दर्शाई गई है।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि वेदांत वार्ड-13 में रहते हैं और प्रमाण-पत्र पर टीकाकरण का स्थान वार्ड-53 लिखा है। पिता ने मामले की शिकायत 181 पर की तो जवाब मिला कि वे संबंधित वैक्सीन सेंटर पर जाकर गलती सुधरवा सकते हैं. पिता रजत ने बताया कि बेटे के आधार नंबर और बैंक अकाउंट से उनका मोबाइल नंबर ही रजिस्टर्ड है।

पुराने शहर के नूरमहल क्षेत्र की निवासी मुबीन बानो (70) के मोबाइल पर पति मो. शरीफ के नाम वैक्सीनेशन का एसएमएस आया, जिसमें 23 जून की शाम 5:48 बजे मो. शरीफ को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जाना बताया है, जबकि उनका इंतकाल 3 साल पहले हो चुका है। तभी से उनका मोबाइल बानो के पास है। वैक्सीन लगने का एसएमएस आने पर पहले तो वे चौंक गईं, लेकिन फिर उन्हें लगा कि हो सकता है कि किसी ने शरारत की हो।

See also  संसद की चौखट तक पहुंचा Nusrat Jahan की शादी का मामला, रद्द हो सकती है लोकसभा की सदस्यता

पीजीबीटी कॉलेज रोड निवासी नुजहत सलीम को मोबाइल पर 21 जून को वैक्सीन लगने का मैसेज मिला।  इतना ही नहीं उन्हें पेंशन नहीं मिलती, लेकिन पहचान पत्र सत्यापन में पेंशन डाक्यूमेंट दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि 21 जून को 10:57 बजे वैक्सीन लगने का मैसेज मिला।

लिंक पर जाकर सर्टिफिकेट डाउनलोड किया तो उसमें पहचान पत्र सत्यापन में पेंशन दस्तावेज दर्ज हैं, जबकि उन्हें पेंशन नहीं मिलती। उनका कहना है कि यह गलती हो या फर्जीवाड़ा, लेकिन उनके मोबाइल पर ऐसा मैसेज आने के मामले की जांच होना चाहिए। उन्हें जब मैसेज मिला तो उन्होंने रिश्तेदारों को बताया तो वे भी आश्चर्य में पड़ गए. वैक्सीन लगने का स्थान वार्ड-27 है, जबकि वे पुराने शहर के वार्ड नंबर-13 में रहती हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर