छत्तीसगढ़ में तीन हजार पुलिस परिवार के सदस्य आज करेंगे पुलिस मुख्यालय घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी जायज मांगों को लेकर एक बार फिर पुलिस परिवार के सदस्य सड़क पर उतरेंगे। इन परिवारों ने सोमवार को नवा रायपुर में प्रदर्शन कर पुलिस मुख्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में लगभग तीन हज़ार पुलिसकर्मी के परिवार के सदस्य आंदोलन में शामिल होंगे।

इन मांगों को लेकर करेंगे घेराव

पुलिस परिवार से जुड़े लोगों की मांग है कि निचले स्तर के पुलिसकर्मियों शोषण पूरी तरह से बंद हो, इसके साथ ही उनसे पुलिस अफसरों द्वारा जो घरेलू तथा अपने निजी कार्य कराए जाते हैं, उस पर रोक लगाई जाए।

वेतन विसंगति दूर करने के साथ अन्य सरकारी विभाग के कर्मचारियों को जो सुविधाएं मिलती हैं, उस तरह की सुविधाएं निचले स्तर के पुलिसकर्मियों को भी दी जाए।

साथ ही पुलिस परिवार की सबसे बड़ी मांग है पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से साप्ताहिक अवकाश देने के साथ काम का समय निर्धारित किया जाए।

See also  Big Breaking : अभिषेक अग्रवाल का हुआ ट्रांसफर, जिला पंचायत कबीरधाम के CEO पद की मिली जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार सोमवार को राज्य के अलग-अलग जिलों के ढाई से तीन हजार पुलिस परिवार के सदस्य आंदोलन में शामिल होने रायपुर पहुंच रहे हैं, इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा रहेगी।

पुलिस विभाग के तृतीय श्रेणी के कर्मचारी, जिला तथा सशस्त्र बल के जवानों के साथ ट्रेड सहायक, आरक्षक, गोपनीय, नगर सैनिकों तथा जेल प्रहरी के परिवार से जुड़े लोग आंदोलन में शामिल होने रायपुर पहुंच रहे हैं।

पुलिस परिवार के सदस्य नवा रायपुर स्थिति अटल पार्क में उपस्थित होंगे। इसके बाद अपनी मांगों को लेकर पुलिस मुख्यालय का घेराव करने निकलेंगे।