बन गई पंजाब में टीम मान, एक महिला समेत दस विधायक बने मंत्री, कुछ ही देर में होगी कैबिनेट की पहली बैठक

टीआरपी डेस्क। पंजाब में नये मंत्रिमंडल टीम मान का गठन कर लिया गया है। चंडीगढ़ में 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। ऐसी जानकारी मिल रही है कि अब थोड़ी देर में पंजाब कैबिनेट की पहली बैठक होगी। इसमें मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया जाएगा।

समारोह में सबसे पहले हरपाल चीमा ने शपथ ली। समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेटा और बेटी भी वीवीआईपी की अगली पंक्ति में मौजूद रहे। चीमा के बाद मलोट की विधायक डॉ. बलजीत कौर ने मंत्री पद की शपथ ली। पेशे से नेत्र सर्जन डॉ. बलजीत कौर मंत्रिमंडल में इकलौती महिला हैं। वे पूर्व आप सांसद साधु सिंह की बेटी हैं।

तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह ईटीओ ने शपथ ली। इसके बाद मानसा से सिद्धू मूसेवाला को हराने वाले डॉ. विजय सिंगला ने मंत्रीपद की शपथ उठाई। भोआ से विधायक बने लालचंद कटारूचक्क, बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंत्री पद की शपथ ली।

See also  अब Bitcoin से कर सकते हैं पिज्जा या कॉफी की खरीदारी, भारत के सबसे पुराने क्रिप्टो वॉलेट ने की शुरुआत

इनके बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने शपथ उठाई। धालीवाल ने कहा कि हम पंजाब के लोगों के लिए ईमानदारी से काम करेंगे। उनके बाद लालजीत भुल्लर और ब्रह्म शंकर जिंपा ने भी मंत्रीपद की शपथ ली।

सबसे अंत में हरजोत सिंह बैंस ने मंत्रीपद की शपथ ली। इन सभी के अलावा कोटकपूरा से विधायक कुलतार संधवां विधानसभा को स्पीकर बनाया जाएगा। संधवां ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर