रायपुर :छत्तीसगढ़ में सभी लोग भीषण गर्मी से परेशान हो गए है। राज्य में कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी की है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए अगले 48 घंटे लू चलने की चेतावनी दी है। 48 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इनमें राजनांदगांव,रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, जांजगीर चांपा, रायगढ़, महासमुंद और मुंगेली आदि मैदानी जिले शामिल हैं।

गुरुवार को 44.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ जांजगीर-चांपा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। रायगढ़ में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मुंगेली में भी तापमान 44.3 डिग्री रहा। इसके बाद बलौदाबाजार 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गर्म रहा। राजनांदगांव जिले में भी गर्म हवाओं के साथ तेज गर्मी पड़ रही है। यहां का तापमान भी 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी मौसम का यही हाल है यहां 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

हीट वेव को लेकर मौसम विभाग की एडवाइजरी
हीट वेव को लेकर मौसम विभाग ने अलग से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों को पर्याप्त पानी पीने की अपील की गयी है। इसके अलावा घर में बने शीतल पेय लस्सी, चांवल पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है।

See also  Weather update : छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश, 23 राज्यों में IMD का अलर्ट

इसके अलावा तेज धूप के वक्त घर से बाहर नहीं निकलने को कहा जा रहा है। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने की सलाह विशेषज्ञों की ओर से दी जा रही है। घर से बाहर निकलने पर कपड़े, टोपी या छतरी का उपयोग करने का सुझाव दिया जा रहा है और आंखों की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम करने की बात कही गयी है।