बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शुक्रवार शाम को एक चलती यात्रियों से भरी बस में अचानक भीषण आग लग गई। इससे बस धू-धूकर जल उठी और गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत ये रही कि समय रहते सभी यात्रियों, ड्राइवर और हेल्पर को बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। यह हादसा टुंडरी गांव के मुख्यमार्ग पर हुआ। मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिंह ट्रैवल्स की बस महासमुंद के बसना से दोपहर 2 बजे इलाहाबाद जाने के लिए निकली थी। बस में 10 यात्री सवार थे। 2 घंटे के बाद करीब 4 बजे जब बस सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम टूंडरी पहुंची, यहां शॉर्ट सर्किट से गाड़ी के केबिन में आग लग गई। ड्राइवर ने आनन-फानन में बस को रोका। इसके बाद सभी यात्री, ड्राइवर और कंडक्टर बस से बाहर निकले।

इधर बस से सभी यात्री बाहर निकले कि आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बस में आग की बड़ी-बड़ी लपटें दिखाई देने लगीं। सभी यात्री, ड्राइवर और कंडक्टर जलती हुई बस से दूर हो गए। लोगों ने बिलाईगढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक वो नहीं पहुंची है। इधर आग से बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।

See also  Breaking News: एयर कंडीश्नर फटने से लगी आग, महिला समेत दो की मौके पर मौत

बीच सड़क पर बस में आग लगने से यातायात भी बाधित हो गया। करीब 2 घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद शाम 6 बजे पुलिस ने दोबारा आवागमन शुरू करवाया है। पुलिस ने कहा कि बस पूरी तरह से जल गई है। बस उत्तर प्रदेश के सिंह ट्रैवल्स की है। बस के मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

देखिए वीडियो-