गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लव जिहाद और मतांतरण के विरोध में मंगलवार को सर्व समाज और हिंदू संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। बजरंग दल और विश्‍व हिंदू परिषद के साथ स्‍थानीय व्‍यापारियों ने भी नगर बंद का समर्थन किया है। वहीं छुरा सहित कई ब्‍लाक में आज इस बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बता दें कि, लव जिहाद और मतांतरण के विरोध में सोमवार को भी सर्व समाज ने बंद का आह्वान किया था। मामला गरियाबंद के ग्राम रसेला का है।

मिली जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को ग्राम रसेला की एक युवती को एक विशेष समुदाय के युवक ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था। इसके मतांतरण को लेकर भी खबर निकलकर सामने आ रही हैं। वहीं बीते 6 जुलाई को छुरा थाना में युवती के परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मामले में अपराध दर्ज होने के 4 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी युवक और घटना में सहयोगी युवक की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

See also  वन विभाग में बड़ी फेरबदल, 80 सहायक वन संरक्षकों का हुआ तबादला... देखें पूरी लिस्ट

एसपी ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
वहीं, मतांतरण और लव जिहाद के विरोध में सर्व समाज और हिंदू संगठनों ने आज नगर बंद का आह्वान किया है। इससे पहले छुरा ब्‍लाक सहित आसपास के सभी ग्रामों के बाजार स्वस्फूर्त बंद रहे। आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व समाज के बैनर तले लोगों ने पूरे दिन नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर धरना प्रदर्शन किया। इधर, गरियाबंद एसपी ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।