रायपुर। देश का सबसे कठिन परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल परीक्षा क्रैक करने का सपना देखने वाले छत्तीसगढ़ के परीक्षार्थियों के लिए 21 जुलाई का दिन खास रहेगा। दरअसल, यूपीएससी की सिविल परीक्षा में सफलता कैसे हासिल करें इसकी जानकारी देने के लिए यूपीएससी के टापर्स राजधानी रायपुर आ रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में 21 जुलाई को सुबह 10 बजे से आयोजित टॉपर्स टॉक शो में यूपीएससी-2022 की टापर इशिता किशोर युवाओं को परीक्षा को क्रैक करने के टिप्स देंगी।

इसके अलावा सेकंड टापर रहीं गरिमा लोहिया भी साथ में आ रही हैं। इनके साथ 2022 में नौवां रैंक हासिल करने वाली कनिका गाेयल और 17वीं रैंक वाले अविनाश कुमार भी युवाओं को टिप्स देंगे। छत्तीसगढ़ से सर्वोच्च रैंक पाने वाले अभिषेक चतुर्वेदी और 2021 में यूपीएससी में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होने वाले प्रखर चंद्राकर भी मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन करवा रहा है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने बताया कि, प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इनसे बहुत जानकारी मिलेगी। इससे परीक्षा को क्रैक करने में सहायता मिलेगी।

See also  कोरोना अपडेट : शादी में आ सकते हैं अधिकतम 200 मेहमान, अनुमति के दौरान वर वधु की आईडी अनिवार्य

यूपीएससी सिविल सर्विसेस परीक्षा को क्रैक करने के लिए पढ़ने का तरीका, पढ़ाई के पाठ्यक्रम, समय प्रबंधन, दैनिक दिनचर्या से लेकर मनोरंजन, खाने पीने से लेकर अन्य सभी विषयों पर किस तरह से पढ़ाई की जाए, इसकी जानकारी टॉपर्स देंगे। टॉपर्स टॉक आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करना है। राजधानी रायपुर में इस टॉपर्स टॉक से यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए माहौल निर्मित होगा और अधिक से अधिक युवा इन परीक्षाओं के लिए आकर्षित होंगे। टापर्स से प्रेरणा और टिप्स लेकर परीक्षाओं की तैयारियों के लिए माहौल बनेगा। इससे छत्तीसगढ़ से देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में ज्यादा से ज्यादा परीक्षार्थी सफल हो सकेंगे।