मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के घर मन्नत के बाहर कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया है। इसके बाद उनके घर बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि, ये प्रदर्शन एक निजी संगठन अनटच यूथ इंडिया फाउंडेशन ने किया है। इनकी मांग है कि वो ऑनलाइन गैंबलिंग और गेमिंग एप्स को प्रमोट करना बंद करें।

अनटच यूथ इंडिया फाउंडेशन के चीफ कृष्णचंद्र अदल ने कहा कि, ऑनलाइन गेमिंग एप और गैंबलिंग के जरिए देश का युवा जुएं की तरफ झुका जा रहा है और बर्बाद हो रहा है। दूसरा ये गैरकानूनी है। इसके चक्कर में लोग सुसाइड कर रहे हैं। लोग डिप्रेशन में आ रहे हैं और गलत काम भी कर रहे हैं। इसकी वजह से ये प्रदर्शन किया। कृष्णानंद ने कहा कि, शाहरुख खान फिल्म जगत के बहुत बड़े स्टार हैं जब वो इसका प्रचार करना बंद कर देंगे तो दूसरे स्टार भी उनको देखकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस नौजवानों और बच्चों को गैंबलिंग करते हुए देखती है तो उन्हें गिरफ्तार कर लेती है। वहीं, फिल्म स्टार्स ये जानते हैं कि गैंबलिंग गलत चीज है फिर भी इसका प्रमोशन करते हैं। इसलिए हम यही कहना चाहते हैं कि वो इस तरह की चीजों का प्रचार न करें नहीं तो हमें बार-बार प्रोटेस्ट करना पड़ेगा।

See also  डीकेएस घोटालाः पीएनबी के तत्कालीन डीजीएम राजीव खेड़ा को मिली जमानत

उल्लेखनीय है कि, शाहरुख खान की फिल्म पठान की रिलीज के समय भी खूब बवाल मचा था और नेताओं से लेकर हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध किया था। अब उनकी फिल्म जवान जल्द ही सिनेमाघरों में लगने वाली है और विरोध प्रदर्शन की खबरें आने लगी हैं। हालांकि ये प्रदर्शन फिल्म को लेकर नहीं बल्कि गैंबलिंग एप का एड करने को लेकर था।