नई दिल्ली। भारतीय टेनिस स्‍टार खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने यूएस ओपन 2023 में इतिहास रच दिया है। बोपन्ना ने अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन के साथ मिलकर पुरुष युगल के फाइनल में जगह बना लिया। साढ़े 43 वर्षीय बोपन्‍ना फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।

आस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन के साथ बोपन्‍ना ने गुरुवार रात कमाल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में फ्रांस की पियरे हुगुएस हर्बर्ट और निकोलस माहुत की जोड़ी को सीधे सेटों में हरा दिया। यह दूसरी बार है जब बोपन्‍ना अपने टेनिस करियर में ग्रैंडस्लैम मेंस डबल्स के फाइनल में पहुंचने में सफल हो सके हैं। भारत के लिए इससे पहले डबल्स में महेश भूपति और लिएंडर पेस की जोड़ी ये कमाल कर चुकी है। कई टाइटल भी जीतने के साथ पेस और भूपति की जोड़ी पहले पायदान पर भी रही।

बोपन्ना और एबडेन की जोड़ी पहले भी कर चुकी कमाल
यूएस ओपन के सेमीफाइनल में छठी वरीयता प्राप्त बोपन्ना और एबडेन की जोड़ी इसी साल विंबलडन के सेमीफाइनल तक भी पहुंची थी। वहीं, अब अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में फ्रांस को 7-6 (7-3), 6-2 से शिकस्‍त दी है। पहले सेट में विरोधी से टक्कर जरूर मिली, लेकिन दूसरे सेट में बोपन्ना और एबडेन हावी हो गए।

See also  Parliament Budget Session 2025: 31 जनवरी से होगी बजट सत्र की शुरुआत, पहले दिन दोनों सदनों को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

फाइनल में इनसे होगा सामना
बोपन्‍ना और एबडेन की जोड़ी का अब फाइनल में सामना ब्रिटेन के जो सैलिसबरी और अमेरिका के राजीव राम की जोड़ी से होगा। यह मैच आर्थर ऐश स्टेडियम में रात 9.30 बजे से खेला जाएगा। 2010 में भी बोपन्ना यूएस ओपन के मेंस डबल्स इवेंट के फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन उस दौरान हार गए थे। इस बार उनकी नजर दूसरे ग्रैंडस्‍लैम खिताब पर होगी।

फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए बोपन्ना
बोपन्ना ने इसी के साथ ओपन एरा में मेंस डबल्स में किसी भी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले सबसे ज्‍यादा उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 43 साल और 6 महीने की उम्र में ये कमाल किया है। इससे पहले रोहन बोपन्ना ने 2017 में मिक्स्ड डब्ल्‍स में खिताब जीत चुके हैं।