अकलतरा में केजरीवाल और भगवंत मान ने किया विशाल रोड शो

रायपुर। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान 2 दिवसीय छत्तीसगढ के दौरे पर हैं। उन्होंने आज अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में विशाल रोड शो किया।

पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस देश में जितनी जल्दी तरक्की की है किसी और पार्टी ने नहीं की। उन्होंने कहा कि ये पार्टी की नहीं बल्कि लोगों के सोच की तरक्की है।

मान ने कहा कि छत्तीसगढ में भी तरक्की चाहिए तो वोट वाला बटन बदलना होगा, लोग अब भी दो बटनों के बीच में ही फंसे हैं। उन्होंने आगे कहा, छत्तीसगढ को डबल इंजन नहीं बल्कि नए इंजन की जरूरत है।

रोड शो अकलतरा नगर के अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन तक निकाला गया। अपने लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों को देखने और सुनने के लिए हजारों की भीड़ मौजूद थी। भीड़ ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। रोड शो में आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक भी मौजूद रहे।

See also  बड़ी खबरः हाईकोर्ट की खंडपीठ का फैसला, प्रदेश में शराब दुकान खोलने के लिए गठित कमेटी को किया निरस्त

भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने बड़ा सोच समझकर झाड़ू चुनाव चिन्ह लिया था। झाड़ू से पहले हम दुकान, मकान साफ करते थे अब राजनीति की गंदगी साफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें कोई काम नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्येंद्र जैन ने अच्छे स्कूल बनवाए तो भाजपा ने उन्हें जेल में डलवा दिया।

मनीष सिसौदिया ने अच्छे स्कूल बनवाए तो उन्हें अंदर कर दिया। अब ये केजरीवाल को ईडी का नोटिस भेजा गया है। भगवंत मान ने कहा, केजरीवाल को ईडी का नोटिस ऐसे ही नहीं भेजा गया है। नीचे वालों ने रिपोर्ट दी है कि केजरीवाल जहां-जहां जाता है वहां भाजपा का सूपड़ा साफ कर देता है तो इसे रोकने के लिए अंदर कर दो।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 10 साल पहले दिल्ली के लोगों ने देश की राजनीति बदलकर रख दी। जब हमने 2012 में नई नई पार्टी बनाई थी लोग कहते थे कि इनकी जमानत जब्त होगी, शायद केजरीवाल की जमानत बच जाए। एक साल बाद जब दिल्ली में चुनाव हुए तो हमारी 67 सीटें आईं, भाजपा की 3 और कांग्रेस का जीरो।

See also  अब सचिन पायलट संभालेंगे छत्तीसगढ़ प्रभारी की कमान

उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की 3-3 बार सरकार बन चुकी है। दिल्ली में स्कूल अच्छे कर दिए, अस्पताल अच्छे बना दिए, मुफ्त बिजली, पानी मिल रहा है। दिल्ली के काम देखकर पंजाब ने हमें आशीर्वाद दिया। अब पंजाब में भी दिल्ली के जैसे काम चल रहे हैं।

अच्छे स्कूल बन रहे हैं, अच्छे अस्पताल बन रहे हैं। मोहल्ला क्लीनिक खुल रहे हैं। केजरीवाल ने कहा हमारे पार्टी के 3 स्तंभ हैं। पहला कट्टर ईमानदारी, दूसरा कट्टर देशभक्ति और तीसरा इंसानियत। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर भाजपा वाले रोज धमकी दे रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे।

केजरीवाल के शरीर को तो गिरफ्तार कर लोगे लेकिन केजरीवाल की सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे। अपने संबोधन के अंत में अरविंद केजरीवाल ने रोड शो शामिल लोगों से अकलतरा से पार्टी के प्रत्याशी आनंद प्रकाश मिरी को वोट देख कर जिताने की अपील की।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 

See also  Bihar Breaking: बिहार में नए मुख्यमंत्री की हलचल तेज, अमित शाह ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया