रायपुर। छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान है। इस बीच पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, छत्तीसगढ़ में इस बार चुनाव अभियान के दौरान मेरे अनुभव बहुत ही अद्भुत रहे, अभूतपूर्व रहे। कहा जाता है- छत्तीसगढ़िया…सबसे बढ़िया। मैंने इसकी प्रतिध्वनि चारों तरफ महसूस की। छत्तीसगढ़ के परिश्रमी लोग अपने राज्य को और बेहतर बनाने के लिए, सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए नई उम्मीदों और नई ऊर्जा से भरे हुए हैं। वो जानते हैं कि कुशासन और भ्रष्टाचार के शिकंजे से अगर कोई छत्तीसगढ़ को निकाल सकता है, तो वो भाजपा ही है। भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी। अगले कुछ साल में छत्तीसगढ़ अपने 25 साल पूरे कर रहा है।

आज राज्य में जो नौजवान हैं, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं, वो एक समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अगले 25 वर्षों में विकसित भारत के संकल्प के साथ ही उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ का भी संकल्प लिया है। वो अपने जीवन के अगले 25 वर्ष, विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत के संकल्प को समर्पित करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। जिस तरह राज्य के एससी, एसटी, ओबीसी वर्गों के युवा हमारे विकास मॉडल के साथ जुड़ रहे हैं, वो बहुत उत्साहित करने वाला है। छत्तीसगढ़ के युवाओं की ये शक्ति, परिवर्तन का नया अध्याय लिखने वाली है।

See also  Mission 2023: छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी, पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, गडकरी समेत 40 नेताओं में बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल

छत्तीसगढ़ की महतारी, हमारी बहनों-बेटियों ने भी राज्य के विकास की ध्वजा पताका खुद उठा ली है। आज भारत जिस तरह महिला सशक्तिकरण के लिए प्रयास कर रहा है, उसका प्रभाव हमें छत्तीसगढ़ में भी दिखता है। इस चुनाव में कांग्रेस की करारी हार तय है। जनता, भाजपा के सुशासन पर विश्वास कर रही है, कांग्रेस के खोखले वादों पर नहीं। भाजपा अपने हर संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, वचनबद्ध है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में आने वाली बीजेपी सरकार आपकी आकांक्षाओं और प्रदेश की समृद्धि की सरकार होगी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर