19 को वोटिंग
19 को वोटिंग

बस्तर में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा सीट पर पहले चरण के मतदान के लिए बुधवार की शाम को चुनावी शोर थम गया है। इसके बाद भाजपा-कांग्रेस और अन्य दलों के प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। यहां 19 तारीख को वोटिंग होगी।

वैसे तो बस्तर में भाजपा, और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला दिख रहा है। मगर यहां सीपीआई, और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी समेत अन्य प्रत्याशी भी अपनी ताकत झोंक रहे हैं। यह सीट वर्तमान में कांग्रेस के पास है। पार्टी ने मौजूदा सांसद दीपक बैज की जगह पूर्व मंत्री कवासी लखमा को चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि भाजपा से महेश कश्यप पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा के पक्ष में पीएम नरेन्द्र मोदी की सभा हो चुकी है, तो जगदलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सभा ली थी। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के बीजापुर, सुकमा, और दंतेवाड़ा के अलावा नारायणपुर के कई इलाके नक्सल प्रभावित हैं। यहां शांतिपूर्वक मतदान के लिए सुरक्षाबलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है।

पहले चरण में अकेले बस्तर सीट पर वोटिंग हो रही है। संवेदनशील मतदान केन्द्रों में हेलीकॉप्टर से मतदान दलों को रवाना किया गया है। किसी तरह की नक्सल वारदात से निपटने के लिए सुरक्षाबलों की पुख्ता तैयारी है। इससे पहले विधानसभा चुनाव में भी छोटी-मोटी घटनाएं हुई थी।

See also  भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी घोषित, शिवराज को झारखंड और भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का जिम्मा, देखें पूरी लिस्ट

चुनाव प्रचार का हाल यह है कि दोनों ही दलों ने शहरी इलाकों पर ज्यादा ध्यान केन्द्रित किए हैं। अंदरुनी इलाकों में प्रचार नहीं के बराबर है। इन सबके चलते बीजापुर और सुकमा में मतदान कम होने के आसार दिख रहे हैं। पूर्व मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने ग्रामीण इलाकों की तरफ ज्यादा ध्यान दिया है।

जबकि महेश कश्यप के लिए भाजपा के साथ-साथ संघ के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। सीएम विष्णु देव साय अलग-अलग इलाकों में कई सभाएँ ले चुके हैं। इस बार भाजपा, कांग्रेस से सीट छीनने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। शुक्रवार को मतदान के बाद मतगणना एक साथ 4 जून को होगी।

बस्तर लोकसभा में सुबह 7 बजे से शुरू होंगे मतदान

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत प्रथम चरण में 19 अप्रैल 2024 को बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान का समय निर्धारित किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कोण्डागांव, नारायणपुर, चित्रकोट,दंतेवाड़ा,बीजापुर एवं कोंटा में मतदान दिवस 19 अप्रैल 2024 शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। बस्तर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से सांयकाल 5 बजे तक मतदान होगा। इसी तरह जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के 175 मतदान केन्द्रों में प्रातः 7 बजे से सांयकाल 5 बजे तक और 72 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सभी मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए है। आयोग सभी मतदाताओं से अपेक्षा करता है कि वे मतदान स्थल पर अपना मत देने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग की ओर से जारी निर्वाचक फोटो पहचान पत्र दिखाएंगे।

See also  प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था हो रही मजूबत, सब्जी बीज उत्पादन को अपनाकर चैनू राम बना लखपति

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा कि यदि कोई निर्वाचक फोटो पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है तो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उनके लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेज भी अनुमत किए गए है। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित 12 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा – आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड शामिल है। मतदाता इनमें से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे। प्रवासी निर्वाचकों को जो अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर निर्वाचक नामावालियों में पंजीकृत है, मतदान केंद्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट (तथा अन्य कोई पहचान दस्तावेज नहीं) के आधार पर ही पहचाना जाएगा।

See also  महंगाई के नाम पर चौतरफा घिरी भाजपा... बिजली की बढ़ी करों को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को घेरेगी


Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर