लोकसभा चुनाव 2024 : अमेठी और रायबरेली सीट पर कांग्रेस ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। दोनों सीटों से प्रत्याशी फाइनल नहीं होने से कार्यकर्ताओं का धैर्य जवाब दे रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कार्यालय गौरीगंज में धरना प्रदर्शन भी किया। इसी बीच अमेठी के गौरीगंज स्थित कांग्रेस भवन परिसर में मंगलवार देर शाम ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश मिश्रा सेनानी ने आत्महत्या की कोशिश की। उन्होंने पेड़ पर फंदा डालकर लटकने का प्रयास किया। हालांकि, समय रहते कार्यकर्ताओं ने उन्हें बचा लिया।

इस मामले में जब अवनीश मिश्रा सेनानी से बात की गई तो उन्होंने बताया, “हम लोग पांच सालों से मेहनत कर रहे हैं और गांव-गांव जा रहे हैं। लगभग सभी पार्टियों के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो चुकी है। अमेठी की जनता अब उम्मीदवार के लिए हम से ही पूछती है और हमें लोगों को जवाब देना पड़ता है।”

राहुल के नाम की घोषणा नहीं हुई तो…

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अमेठी से कल तक अपने नाम की घोषणा नहीं करते हैं तो मैं आत्महत्या कर लूंगा। जो इतिहास में दर्ज होगा कि गांधी परिवार के लिए किसी ने आत्महत्या की। हम लोगों की मनोदशा खराब हो चुकी है। ऐसे में गांधी परिवार को अमेठी से चुनाव लड़ना पड़ेगा।”

See also  Bihar NDA Candidate : आज हो सकती है NDA उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, धर्मेंद्र प्रधान दिल्ली के लिए रवाना…

पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुरू किया धरना

इससे पहले, अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर निर्णय न होने से कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। दावेदार के नाम को लेकर चल रही उलझन के बीच मंगलवार की शाम को कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया।

कांग्रेसी ‘अमेठी मांगे गांधी परिवार, राहुल गांधी या प्रियंका गांधी’ का नारा लगा रहे थे। धरना दे रहे लोगों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, प्रदेश महासचिव योगेंद्र मिश्र सहित अन्य कांग्रेसी शामिल हैं। इन लोगों का कहना है कि गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति चाहे राहुल गांधी हो अथवा प्रियंका गांधी जब तक मैदान में नहीं आएंगे तब तक हम लोग धरना प्रदर्शन करते रहेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता ने किया ये दावा

अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर बढ़ते संशय के बीच पार्टी ने बुधवार को कहा कि ‘‘भयभीत कोई नहीं है’’ और इस बारे में फैसले की घोषणा अगले 24-30 घंटों में की जाएगी।

See also  PM Kisan Samman Nidhi Yojana: आज PM मोदी जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 16वीं किस्त, 9 करोड़ किसानों के खाते में ट्रांसफर होंगे 21 हजार करोड़ रुपए

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अमेठी और रायबरेली संसदीय सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने के लिए अधिकृत किया है।

यहां कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान दोनों सीटों पर उम्मीदवारी से जुड़े एक सवाल के जवाब में रमेश ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि अगले 24-30 घंटों में कांग्रेस अध्यक्ष इसे अंतिम रूप देंगे और उनके निर्णय की घोषणा की जाएगी।’’

स्मृति ने भर दिया नामांकन

बता दें कि अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट पर गांधी परिवार का ही कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा लेकिन अभी तक घोषणा न होने से कार्यकर्ताओं का धैर्य अब जवाब देने लगा है।

अमेठी में पांचवे चरण (20 मई) में मतदान होगा। इसके लिए 26 अप्रैल से नामांकन शुरू हो गए थे और नामांकन की अंतिम तारीख 3 मई है। इस सीट पर राहुल गांधी के नाम का एलान हो सकता है।

See also  Bomb Threat : राजधानी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, परीक्षाएं रद्द