लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए चार चरण में मतदान हो चुका है। अब 20 मई को 5वें चरण की वोटिंग होनी है। इसी बीच वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए लखनऊ स्थित सेंट जोसेफ स्कूल ने नया तरीका निकाला है। इस स्कूल के मैनेजर अनिल अग्रवाल ने अपने स्कूल के बच्चों के अभिभावकों और अपने शिक्षकों के परिवार सहित वोट देने पर उनको एक तोहफा देने की बात कही है।

इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को 10 मार्क्स एक्स्ट्रा दिए जाएंगे, अगर उनके माता-पिता मतदान करने जाएंगे। इसके अलावा स्कूल के कर्मचारियों को वोट करने पर एक दिन की अतिरिक्त सैलरी दी जाएगी।

कैसे मिलेंगे एक्स्ट्रा मार्क्स?

सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल अग्रवाल ने कहा कि स्कूल की तरफ से दिए जाने वाले 10 अतिरिक्त अंक एक ही विषय या फिर सभी विषयों में मिलाकर दिए जा सकते हैं।

बता दें कि ये 10 नंबर लिखित परीक्षा में नहीं, बल्कि प्रोजेक्ट वर्क या इंटरनल असेसमेंट में जोड़े जाएंगे। इन नंबर्स को फाइनल रिजल्ट में ऐड किया जाएगा।

See also  इंडियन आर्मी से खत्म होंगी ब्रिटिश काल की परंपराएं, सेना करने जा रही है वर्दी और रेजीमेंट के नामों जैसे बड़े बदलाव

इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने ये फैसला लखनऊ लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को देखते हुए लिया है।

20 मई को मतदान

लखनऊ में 20 मई को 5वें चरण के तहत वोटिंग होगी। बता दें कि देश में 5वें चरण के तहत कुल 49 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है।