टीआरपी डेस्क। Loksabha Election 2024: सातवें चरण के तहत केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और सात राज्यों की कुल 57 सीटों पर 1 जून को मतदान है। इन प्रदेशों से कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री कंगना रनौत, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की भी सीटें शामिल हैं।
नरेंद्र मोदी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है।
कंगना रनौत: फिल्म अभिनेत्री कंगना को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विधायक विक्रमादित्य सिंह मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य सिंह का परिवार मंडी लोकसभा सीट का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुका है।
पवन सिंह: बिहार की काराकाट सीट इस चुनाव में चर्चा में है। राष्ट्रीय लोकमोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा यहां से एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी हैं। महागठबंधन की ओर से भाकपा-माले के राजा राम सिंह उतरे हैं। इसके अलावा निर्दलीय उतर कर भोजपुरी कलाकार पवन सिंह ने काराकाट की लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है।
अभिषेक बनर्जी: पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट भी चर्चित सीटों में शामिल है। टीएमसी ने यहां पार्टी के महासचिव और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने अभिजीत दास (बॉबी) को टिकट दिया है।
ये केंद्रीय मंत्री मैदान में
| सीट | मंत्री | मंत्रालय |
| वाराणसी | नरेंद्र मोदी | प्रधानमंत्री |
| आरा | आरके सिंह | ऊर्जा मंत्री |
| महराजगंज | पंकज चौधरी | वित्त राज्य मंत्री |
| मिर्जापुर | अनुप्रिया पटेल | वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री |
| चंदौली | महेंद्रनाथ पांडेय | भारी उद्योग मंत्री |
| हमीरपुर | अनुराग ठाकुर | खेल मंत्री |
इन राज्यों में मतदान?
| प्रदेश | सीट | उम्मीदवार |
| पंजाब | 13 | 328 |
| उत्तर प्रदेश | 13 | 144 |
| पश्चिम बंगाल | 9 | 124 |
| बिहार | 8 | 134 |
| ओडिशा | 6 | 66 |
| हिमाचल प्रदेश | 4 | 37 |
| झारखंड | 3 | 52 |
| चंडीगढ़ | 1 | 19 |
| कुल | 57 | 904 |



