Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले 3 दिनों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और कोरबा जिले में भारी बरसात हो सकती है। इन जिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसी के साथ ही राजधानी रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में हल्की बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के 3 जिलों बलौदा बाजार, बीजापुर और सुकमा में औसत से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। 14 जिलों में सामान्य बारिश और बाकी जिलों में औसत से कम बारिश हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कोरबा में 114 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। वहीं, बिलासपुर (मस्तूरी) में 80.4, बलरामपुर (राजपुर) में 70, मुंगेली (लोरमी) में 68.5, बस्तर (भानपुरा) में 67.6 मिलीमीटर, सुकमा (दोरनापाल) में 48.2 और पेंड्रा में 40.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। रायपुर में दिन का तापमान 30.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था।

See also  Chhattisgarh Weather : छत्तीसगढ़ में मौसम का बदलता मिजाज : इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, जानिए रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?

बिलासपुर का तापमान 28.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। अंबिकापुर में तापमान औसत से 4.5 डिग्री कम 26.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दुर्ग में 29.2 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम था। जगदलपुर में दिन का पारा 30.9 डिग्री और राजनांदगांव में 32.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।