रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश परिवहन विभाग के बीच 17 वर्षों के बाद यात्री सुविधा विस्तार और सुगम यातायात के लिए 11 सितंबर को भोपाल के वल्लभ भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों राज्यों के परिवहन विभागों के उच्चाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में छत्तीसगढ़ की ओर से सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और मध्यप्रदेश की ओर से अपर मुख्य सचिव एस. एन. मिश्रा उपस्थित रहे। दोनों राज्यों के बीच 2007 में हुए अंतर्राज्यीय पारस्परिक यातायात समझौते में संशोधन करते हुए छत्तीसगढ़ द्वारा 34 नए मार्गों और मध्यप्रदेश द्वारा 19 नए मार्गों को जोड़े जाने पर सहमति बनी।

इसके साथ ही, 81 पारस्परिक करार मार्गों में 36 मार्गों पर फेरों की वृद्धि, यातायात के आधुनिकीकरण और टैक्स मुक्त जोन के मुद्दों पर भी समझौता हुआ। बैठक में लिए गए निर्णयों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत जल्द ही लागू किया जाएगा।

इस बैठक में दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिसमें सी.बी. चक्रवर्ती, डी.पी. गुप्ता, डी. रविशंकर और उमेश जोगा प्रमुख रूप से शामिल थे।

See also  Video : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश भर में किया केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन