रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी का सोमवार को भव्य समापन हुआ। राज्यपाल रमेन डेका और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समापन समारोह के दौरान सेना के जवानों ने अपनी शौर्य और साहस का प्रदर्शन किया।

100 से अधिक आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी

इस सैन्य प्रदर्शनी में 100 से अधिक अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जो भारतीय सेना की शक्ति और तत्परता को दर्शाते हैं। भीष्म टी-90 टैंक और स्ट्रेला-10 एमएम वेपन सिस्टम इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहे। इसके अलावा, दुश्मनों की हरकत पर नजर रखने के लिए विभिन्न प्रकार के उन्नत ड्रोन भी प्रदर्शित किए गए, जिन्होंने आधुनिक युद्धक तकनीक की झलक पेश की।

ड्रोन और खुखरी के करतब

समापन समारोह में ड्रोन तकनीक का अद्भुत प्रदर्शन किया गया, जहां जवानों ने यह दिखाया कि कैसे वे दुश्मनों के कैंप की जानकारी प्राप्त करते हैं और फिर उसे ध्वस्त करते हैं। इसके साथ ही, बैगपाइपर बैंड की मधुर ध्वनियों और खुखरी के कुशल प्रदर्शन ने समारोह में जोश और गर्व का माहौल बना दिया।

See also  छत्तीसगढ़ में टीम इंडिया के गेंदबाजों की आंधी! अब तक न्यूजीलैंड के गिर चुके 4 विकेट

राज्यपालः जवान बाहरी और अंदरूनी दुश्मनों से करते हैं रक्षा

राज्यपाल रमेन डेका ने जवानों के शौर्य को सलाम करते हुए कहा कि भारतीय सेना सिर्फ सीमाओं की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि देश के अंदरूनी दुश्मनों से भी सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं से आर्मी में शामिल होकर देश की सेवा करने की अपील की। उन्होंने कहा, “इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों को सेना के कठिन और अनुशासित जीवन के बारे में जानने और उन्हें सम्मानित करने का मौका मिलता है।”

साहसिक करतबों से भरी प्रस्तुति

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता की और सेना के जवानों द्वारा दिखाए गए साहसिक करतबों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, गुरु खुशवंत साहेब, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, इंद्रकुमार साहू और विधायक अनुज शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।