टीआरपी डेस्क। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड में चुनावी रैली के दौरान नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। रविवार को वायनाड पहुंची प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार आम आदमी की समस्याओं की अनदेखी करती है और केवल बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर उन्हें फायदा पहुंचाती है।

इस रैली में प्रियंका गांधी के साथ उनके भाई और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। वायनाड लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए प्रियंका ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, आवास, और शिक्षा के सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रियंका का केंद्र पर हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि वह संसद में ग्रामीण रोजगार योजना के लिए अधिक धन की मांग उठाएंगी। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि उसने अमीर व्यापारियों के 16 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिए, जबकि किसानों और आम जनता की भलाई के लिए जरूरी सेवाओं में निवेश करने से कतराती है।

See also  CJP Protest: संसद भवन के पास प्रदर्शन में उपद्रवियों ने दिए भड़काऊ नारे, सोशल मीडिया पर हंगामा

प्रियंका ने पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा, उनका उद्देश्य लोगों के बीच गुस्सा और नफरत फैलाकर सत्ता में बने रहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अत्याचार करते हैं और जनता को उनके अधिकारों से वंचित करते हैं।

राहुल ने वायनाड की जनता का जताया आभार

राहुल गांधी ने वायनाड के मतदाताओं को उनकी दृढ़ता के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह संसद में क्षेत्र की समस्याओं को उठाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कहा, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे जड़ से जुड़े हैं, लेकिन राज्य और केंद्र सरकारें जनता के लिए काम नहीं कर रहीं।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। प्रियंका ने विकास के लिए अपनी योजना साझा करते हुए पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने की बात की, जिससे वायनाड के लोगों की आय बढ़ सके।

See also  Coronavirus Update : कोरोना से जंग जीतने में कामयाब हो रहा देश! पिछले 24 घंटे में मिले केवल 6,915 नए मामले

राहुल ने की प्रियंका की प्रशंसा

राहुल गांधी ने प्रियंका की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, मैं कभी-कभी तर्कशील होता हूं, लेकिन प्रियंका मुझसे अधिक भावुक हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आपको सबसे अच्छा सांसद मिलने जा रहा है। उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता।