नेशनल डेस्क। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऑटो चालकों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि अब किसी भी ऑटो चालक की बेटी की शादी पर दिल्ली सरकार 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद करेगी। इसके अलावा, प्रत्येक ऑटो चालक को 10 लाख रुपये का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस भी दिया जाएगा।

केजरीवाल ने ऑटो चालकों के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा, “मेरा ऑटो चालकों के साथ बहुत पुराना रिश्ता है। 2013 में जब मेरी पार्टी नई थी और दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, तब ऑटो चालकों को अक्सर तिरस्कृत किया जाता था। उस समय मैंने ऑटो चालकों के समर्थन में सभा की थी। ये लोग व्यवस्था के शिकार हैं और अगर हमारी सरकार बनी तो हम सिस्टम को ठीक करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “हाल ही में मैंने ऑटो चालकों के साथ अपने घर पर बैठक की। वहां मुझे उनके साथ भोजन करने का मौका मिला। मैं कह सकता हूं कि मैंने ऑटो चालकों का नमक खाया है।”

See also  रोड शो के चलते समय पर नहीं पहुंच पाए केजरीवाल, अब मंगलवार को भरेंगे नामांकन

बताते चलें कि, 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं। भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ खड़ी आप लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।