टीआरपी डेस्क। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में एक संदिग्ध को करीब 30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हिरासत में ले लिया है। संदिग्ध को शुक्रवार सुबह बांद्रा पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस यह पुष्टि करने की प्रक्रिया में है कि हिरासत में लिया गया शख्स हमलावर ही है। इस दिशा में सैफ अली खान की मेड से संदिग्ध की पहचान करवाई जाएगी, जिसके बाद ही कोई आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

हमले की शुरुआत और मेड का सामना

हमलावर ने सैफ अली खान के बांद्रा स्थित फ्लैट में चोरी की नीयत से प्रवेश किया। उस वक्त सैफ, उनकी पत्नी करीना कपूर, उनके दोनों बेटे तैमूर और जेह के साथ पांच हाउस हेल्प मौजूद थे। जेह की केयरटेकर इलियमा फिलिप ने बताया कि हमलावर का सामना सबसे पहले उन्हीं से हुआ। आरोपी ने 1 करोड़ रुपये की मांग की और धमकाते हुए कहा, “कोई आवाज नहीं,” लेकिन केयरटेकर की चीख सुनकर सैफ और करीना अपने कमरे से बाहर आए। इसके बाद हमलावर ने सैफ पर चाकू से वार किया।

See also  फर्जी डिग्री पर नौकरी करने वालों पर होगी बड़ी कार्यवाही -सीएम भगवंत मान

हमलावर की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने 35 विशेष टीमों का गठन किया। इनमें 15 टीम क्राइम ब्रांच और 20 टीम लोकल पुलिस की शामिल हैं। फोरेंसिक और तकनीकी टीमों ने भी मामले में मदद की। अब तक सैफ अली खान के घर के दो कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस ने घर के अन्य स्टाफ से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

घर के लेआउट से परिचित था हमलावर

पुलिस के अनुसार, हमलावर घर के लेआउट से पूरी तरह परिचित था। सैफ अली खान 11वीं और 12वीं मंजिल पर रहते हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को इमारत की छठी मंजिल पर रात 2:33 बजे देखा गया। फुटेज में वह सीढ़ियों से भागते हुए नजर आ रहा है। उसने कॉलर वाली टी-शर्ट, लाल गमछा और पीठ पर बैग टांगा हुआ था।

सुरक्षा में खामियां

पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि घर के बाहर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस बीच, सैफ के घर के कर्मचारियों और अन्य संभावित संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

See also  दो छात्रों के बीच खूनी झगडे के बाद उदयपुर में फैला तनाव, कई वाहनों को फूंका, शहर में धारा 144 लागू