टीआरपी डेस्क। मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री और हरसूद विधायक डॉ. विजय शाह को सोशल मीडिया पर खुलेआम जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी क्षेत्र के एक आदिवासी और पूर्व कांग्रेसी नेता मुकेश दरबार द्वारा दी गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद खालवा और हरसूद क्षेत्र के भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मंत्री के जोगीबेड़ा स्थित वेयरहाउस पर एकत्र हो गए हैं। वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हरसूद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

मंत्री की सुरक्षा बढ़ाई गई

कैबिनेट मंत्री को धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आरोपी ने मंत्री विजय शाह और उनके परिवार को निशाना बनाने की धमकी दी थी। इससे पहले भी मुकेश दरबार उन पर विवादित बयानबाजी कर चुका है।

पहले भी विवादों में रहा है आरोपी

जिला पंचायत चुनाव के दौरान भी मुकेश दरबार ने मंत्री विजय शाह और उनके बेटे दिव्यदित्य शाह के खिलाफ बयान दिए थे, जिसके बाद मामला गरमा गया था। इस पर मानहानि का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

See also  भाजपा के इस दिग्गज विधायक के खिलाफ लटकी गिरफ्तारी की तलवार… 443 करोड़ की माइनिंग से जुड़ा है पूरा मामला

समर्थकों की मांग, जल्द हो कार्रवाई

मंत्री विजय शाह के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आगे आए हैं और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले पर अभी तक मंत्री का आधिकारिक बयान नहीं आया है।