रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने में ही भीषण गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है। खासकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में आज हीटवेव की संभावना जताई गई है।

बिलासपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान 15.6 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।

इन जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट

शनिवार को मौसम विभाग ने बालोद, बलौदाबाजार, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कांकेर, कोरबा, महासमुंद, मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लू चलने की चेतावनी दी थी।

रायपुर में 40 डिग्री के पार पारा

राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, खुले आसमान और सीधी धूप के कारण गर्मी तेज हो रही है।

  • शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया।
  • अगले 24 घंटों में दिन का तापमान 40 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री तक रहने की संभावना है।
See also  Chhattisgarh Weather: घर से निकले तो संभलकर… इन 16 जिलों में है हैवी रेन का अलर्ट

बिलासपुर में सबसे अधिक गर्मी

शनिवार को बिलासपुर का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक रहा।

  • अधिकतम तापमान: 40.5 डिग्री
  • न्यूनतम तापमान: 20.2 डिग्री (सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक)

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी 39.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक रहा।

सरगुजा और जगदलपुर में भी तापमान में उछाल

  • सरगुजा: अधिकतम तापमान 38 डिग्री (सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री (सामान्य से 0.5 डिग्री कम)।
  • जगदलपुर: अधिकतम तापमान 38 डिग्री (सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री (सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक)।

अगले दिनों कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तेज गर्मी जारी रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की धुंध या आंशिक बादल छाने की उम्मीद है, लेकिन इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी।