रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे और अस्थायी ढांचे गिर गए। वहीं, आज मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ है, उनमें शामिल हैं –

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, कोरिया और बलरामपुर। इन सभी जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने दी सलाह- क्या करें और क्या न करें

क्या करें

  • वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें।
  • मौसम से जुड़ी ताजा चेतावनियों और अपडेट्स पर नजर रखें।
  • बदलते मौसम को देखते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए तैयार रहें।
  • ऐसी वस्तुओं को सुरक्षित कर लें जो तेज हवा में उड़ सकती हैं या गिर सकती हैं।
See also  Weather Update : हवा की दिशा बदलते ही छत्तीसगढ़ में गर्मी ने दी दस्तक, सबसे गर्म शहर रायगढ़

न करें

  • पेड़ों के पास न जाएं और उनके नीचे शरण न लें।
  • किसी भी बाहरी गतिविधि की योजना न बनाएं, विशेषकर खुले इलाकों में।
  • जल निकायों जैसे तालाब, झील या नदी के पास जाने से बचें।