रायपुर। राजधानी रायपुर के कमल विहार सेक्टर-9 में रविवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक डॉक्टर को समझाइश देना भारी पड़ गया। आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद एक प्रेमी युगल को टोकना डॉक्टर को इतना महंगा पड़ा कि युवक और युवती ने मिलकर उनकी जमकर पिटाई कर दी और सिर पर पत्थर मार गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ से जुड़े डॉक्टर सुजीत परिहार जब इलाके से गुजर रहे थे, तब उन्होंने एक प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में देखा और सामाजिक मर्यादा के तहत उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन इस पर युवक और युवती बिफर पड़े और डॉक्टर पर हमला कर दिया। उन्होंने डॉक्टर पर लात-घूंसे बरसाए और फिर एक बड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर पर दे मारा, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

घटना स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, युवती मौके से फरार हो गई। घायल डॉक्टर परिहार को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

See also  CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा में जनविश्वास विधेयक पारित, अब आपराधिक मुकदमा नहीं, लगेगा जुर्माना

पकड़े गए युवक की पहचान मोहन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की खबर फैलते ही भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के सदस्य और कमल विहार के स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरी नाराजगी जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कमल विहार में इस प्रकार की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, और क्षेत्र में एक पूर्णकालिक थाना आवश्यक है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि भले ही थाना स्वीकृत हो चुका है, लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक उसे शुरू नहीं किया गया है।